Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

दिल्ली और मेरठ के बीच 70 किलोमीटर की दूरी कल से महज 40 मिनट में तय होगी...नमो भारत रेल ने बचाया सफर का ढाई घंटा

Shilpi Narayan
21 Feb 2026 8:00 PM IST
दिल्ली और मेरठ के बीच 70 किलोमीटर की दूरी कल से महज 40 मिनट में तय होगी...नमो भारत रेल ने बचाया सफर का ढाई घंटा
x

नई दिल्ली। दिल्ली से मेरठ के बीच सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, कल से सराय काले खां से बेगमपुल तक नमो भारत ट्रेन की सेवा शुरू होने जा रही है। करीब 70 किलोमीटर की दूरी अब महज 40 मिनट में पूरी की जा सकेगी। यह कॉरिडोर दिल्ली और मेरठ के बीच रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। अभी तक जहां सड़क रूट से ढाई से तीन घंटे लग जाते थे। वहीं अब यात्रा एक तिहाई समय में पूरी होगी। मेडिकल, नौकरी और पढ़ाई के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

यात्रियों के लिए नई रफ्तार

बता दें कि कल पीएम नरेंद्र मोदी इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरा दिल्ली मेरठ नमो भारत कॉरिडोर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को विकसित करने वाली नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने बेगमपुल तक सफल ट्रायल रन भी पूरा कर लिया है। ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चली और लगभग 39 मिनट में दूरी तय की। कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 80 किलोमीटर है। जिसे 55 मिनट में कवर किया जा सकेगा। 2019 में रखी गई नींव के बाद अब यह प्रोजेक्ट पूरी तरह तैयार है और यात्रियों के लिए नई रफ्तार लेकर आ रहा है।

किराया पारंपरिक ट्रेनों से अलग हो सकता है

वहीं किराए की बात करें तो सराय काले खां से बेगमपुल तक का टिकट कितना होगा। इसे लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। किराया तय करने की प्रोसेस अंतिम चरण में बताई जा रही है। माना जा रहा है कि दूरी और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किराया तय किया जाएगा। यह हाई स्पीड और आधुनिक रैपिड रेल सेवा है। इसलिए किराया पारंपरिक ट्रेनों से अलग हो सकता है।

यात्रियों को हर दिन घंटों की बचत होगी

दिल्ली मेरठ नमो कॉरिडोर का लगभग 55 किलोमीटर हिस्सा पहले से चालू है। न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक ट्रेनें पहले ही दौड़ रही हैं। अब सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक करीब पांच किलोमीटर का हिस्सा और मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच करीब 21 किलोमीटर का सेक्शन भी ऑपरेशन के लिए तैयार है। इससे पूरी लाइन एक साथ जुड़ जाएगी। सराय काले खां से बेगमपुल तक सीधा सफर मुमकिन हो सकेगा। मेरठ के लोगों को अब दिल्ली आने में पहले के मुकाबले काफी कम समय लगेगा। रोजाना आने जाने वाले यात्रियों को हर दिन घंटों की बचत होगी।

Next Story