Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

The Bengal Files: 'यह तानाशाही नहीं है, तो क्या है? मेरी फिल्म को कैसे रोका गया...', 'द बंगाल फाइल्स' के ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा, कोलकाता पुलिस ने रोका कार्यक्रम

Anjali Tyagi
16 Aug 2025 4:02 PM IST
The Bengal Files: यह तानाशाही नहीं है, तो क्या है? मेरी फिल्म को कैसे रोका गया..., द बंगाल फाइल्स के ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा, कोलकाता पुलिस ने रोका कार्यक्रम
x
निर्देशक ने कहा कि एक तरफ, मेरे खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। सत्ताधारी पार्टी के सदस्य ऐसा कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि कोई आम आदमी ऐसा कर रहा है।

मुंबई। विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' का ट्रेलर रिलीज हुआ। जानकारी के मुतााबिक फिल्म का ट्रेलर पहले दोपहर 12 बजे रिलीज होना था पर कोलकाता पुलिस ने बीच कार्यक्रम में पहुंचकर इसे रुकवा दिया। जिसके चलते हंगामा मच गया और फिल्म का ट्रेलर भी एक घंटे देरी से रिलीज हुआ। इस मामले पर विवेक अग्निहोत्री और उनकी पत्नी व एक्ट्रेस पल्लवी जोशी ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी आवाज को दबाया जा रहा है।

क्या बोले विवेक अग्निहोत्री

विवेक अग्निहोत्री ने अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान व्यवधान का आरोप लगाते हुए कहा, "अगर यह तानाशाही/फासीवाद नहीं है, तो क्या है?... आपके राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है, और यही वजह है कि हर कोई 'द बंगाल फाइल्स' का समर्थन कर रहा है।"

सारे तार काट दिए गए...

"मुझे अभी पता चला है कि कुछ लोग यहां (एक निजी होटल में कार्यक्रम स्थल पर) आए और सारे तार काट दिए। मुझे नहीं पता कि यह किसके आदेश पर हो रहा है? आप जानते हैं कि हमारे पीछे कौन लोग हैं। तमाम जांच-पड़ताल के बाद, यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। होटल प्रबंधक अभी भी हमें यह नहीं बता पा रहे हैं कि हमें अपना कार्यक्रम जारी रखने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।"

मेरी फिल्म को कैसे रोका गया- अभिनेत्री पल्लवी जोशी

अभिनेत्री पल्लवी जोशी कहती हैं, "मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आया कि मेरी फिल्म को कैसे रोका गया। क्या इस राज्य में अभिव्यक्ति की आजादी है? फिल्म निर्माता और कलाकार होने के नाते, हम अपनी बनाई फिल्म को प्रदर्शित नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें किस बात का खतरा महसूस हो रहा है? ऐसा तो कश्मीर में भी नहीं हुआ। क्या हम ये मान लें कि कश्मीर के हालात बंगाल से बेहतर हैं? देखिए आज बंगाल में क्या हो रहा है। और इसीलिए 'द बंगाल फाइल्स' जैसी फिल्में जरूरी हैं। मैं चाहती हूं कि भारत का हर व्यक्ति बंगाल की सच्चाई जानने के लिए ये फिल्म देखे। कलाकारों को सम्मान देना राज्य की ज़िम्मेदारी है।"

सरकार किस बात से डर रही है?

निर्देशक ने कहा कि एक तरफ, मेरे खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। सत्ताधारी पार्टी के सदस्य ऐसा कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि कोई आम आदमी ऐसा कर रहा है। वे लोग ऐसा कर रहे हैं। कोलकाता के मुख्यमंत्री ने जब हमने फिल्म की घोषणा की थी, धमकी दी थी कि हम बंगाल फाइल्स को यहां प्रवेश नहीं करने देंगे। तो सरकार किस बात से डर रही है? इस फिल्म में क्या मुद्दा है?

Next Story