
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बिहार विधानसभा का बजट...
बिहार विधानसभा का बजट सत्र शुरू! NEET छात्रा रेप-मौत केस मामले में सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, जानें कब तक चलेगा सत्र

पटना। बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज 2 फरवरी से शुरू हो गया है। यह नई NDA सरकार का पहला बजट सत्र है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। कुल 19 बैठकें होंगी, लेकिन सत्र की शुरुआत ही सरकार और विपक्ष के टकराव से हो गई है। पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा जबकि कल यानी 3 फरवरी को राज्य का बजट आएगा। वहीं सत्र की शुरुआत राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने से हुई। सरकार के लिए यह मौका अपनी प्राथमिकताएं रखने का है। विपक्ष इसे घेरने की तैयारी में पहले से खड़ा दिखा।
सदन से पहले सड़क पर उतरा विपक्ष
कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने पटना में NEET छात्रा रेप-मौत केस को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक कमरूल होदा हाथ में पोस्टर लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते नजर आए। विपक्ष की मांग है कि इस गंभीर मामले का जिक्र राज्यपाल के अभिभाषण में किया जाए।
तेजस्वी यादव की वापसी पर टिकी सियासी नजर
शीतकालीन सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगभग नदारद रहे थे। वे सिर्फ एक दिन सदन में दिखे और फिर विदेश यात्रा पर चले गए थे। इस बार बजट सत्र में उनके सक्रिय रहने की संभावना है। हालांकि उन्होंने पहले कहा था कि वे 100 दिन तक सरकार के कामकाज पर टिप्पणी नहीं करेंगे-अब सबकी नजर इस बात पर है कि वे कितना आक्रामक रुख अपनाते हैं।
विपक्ष के पास ये 5 बड़े मुद्दे
NEET छात्रा रेप-मौत केस विपक्ष का सबसे बड़ा हथियार है।
UGC के नए नियम को लेकर भी हंगामे के आसार हैं।
नौकरी-रोजगार पर सरकार से वादों का हिसाब मांगा जाएगा।
बुलडोजर एक्शन को लेकर गरीबों के उजड़ने का मुद्दा उठेगा।
बिहार पर बढ़ते कर्ज को लेकर श्वेत पत्र की मांग की जाएगी।




