Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

“शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था चुनाव” — राहुल गांधी का बयान; बिहार नतीजों पर कांग्रेस ने लगाए वोट चोरी के आरोप

DeskNoida
15 Nov 2025 3:00 AM IST
“शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था चुनाव” — राहुल गांधी का बयान; बिहार नतीजों पर कांग्रेस ने लगाए वोट चोरी के आरोप
x
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि बिहार का यह परिणाम चौंकाने वाला है और पूरा चुनाव शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था।

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि बिहार का यह परिणाम चौंकाने वाला है और पूरा चुनाव शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था।

राहुल गांधी ने लिखा— “मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इस परिणाम की विस्तृत समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रयास और मजबूत करेंगे।”

एनडीए को बड़ी जीत, महागठबंधन सिमटा

नतीजों के अनुसार, एनडीए ने 202 सीटों का आंकड़ा छू लिया है जबकि महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों तक सिमटता दिखाई दे रहा है। जनसुराज का इस बार खाता भी नहीं खुल पाया, जबकि छह सीटों पर अन्य उम्मीदवारों को बढ़त मिली है।

एनडीए में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा ने 87 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और तीन सीटों पर आगे है। जेडीयू को भी अच्छी सफलता मिली है— उसने 78 सीटें जीत ली हैं और छह पर बढ़त बनाए हुए है।

महागठबंधन की बात करें तो आरजेडी 24 सीटें जीत चुकी है और दो सीटों पर आगे है। कांग्रेस को छह सीटों पर जीत मिली है।

खरगे बोले— यह लड़ाई लंबी है, हम पीछे नहीं हटेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी जनता के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन लोकतंत्र को कमजोर करने वालों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा— “हम परिणामों का गहराई से अध्ययन करेंगे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। यह संघर्ष लंबा है और हम इसे निष्ठा और साहस के साथ लड़ेंगे।”

कांग्रेस का बड़ा आरोप— “बिहार में खुलेआम वोट चोरी हुई”

हार के बाद कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने लिखा— “बिहार के परिणाम बड़े पैमाने पर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और चुनाव आयोग द्वारा रची गई वोट चोरी को दिखाते हैं। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के अभियान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा— “चोर तो छिपकर चोरी करते हैं, लेकिन बिहार में जो हुआ वह खुलेआम डाका है।”

बिहार चुनाव परिणामों के बाद विपक्ष चुनाव की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि एनडीए इसे जनता का स्पष्ट जनादेश बता रहा है। आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल और गरमाने की संभावना है।

Next Story