Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

लोगों का जोश बता रहा है बंगाल के मन में क्या चल रहा है... कोलकाता की एक जनसभा में बोले पीएम मोदी, TMC को दिखाया आईना

Shilpi Narayan
14 March 2026 4:44 PM IST
लोगों का जोश बता रहा है बंगाल के मन में क्या चल रहा है... कोलकाता की एक जनसभा में बोले पीएम मोदी, TMC को दिखाया आईना
x

कोलकाता। पीएम ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है।

बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है

पीएम ने कहा कि टीएमसी मां, माटी, मानुष के नारे पर सत्ता में आई थी। आज वही मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहा है। घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की रोटी, बेटी, माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है। बंगाल की माटी पर घुसपैठियों का कब्जा दिलवाया जा रहा है, इसका परिणाम आज सबके सामने है। बीते दशकों में बंगाल के ज्यादातर इलाकों में डेमोग्राफी बदल गई है, बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है।

आयुष्मान योजना को भी लागू नहीं कर रही है

पीएम ने कहा कि तुष्टीकरण का ऐसा खुला खेल, जब शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता देने की बात होती है तो पूरी टीएमसी उसका विरोध करती है। वे हिंदुओं को अपना वोटबैंक नहीं समझते इसलिए ये लोग एसआईआर का भी विरोध करते हैं, ताकि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हट न जाएं। कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा कि आप सबने देश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता के बारे में सुना है। गरीब परिवारों को पक्का घर मिल रहा है। लेकिन यहां क्या हुआ? योजना का नाम बदल दिया गया, लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ की गई और जिन गरीबों को घर मिलना था वे आज भी इंतजार कर रहे हैं। केवल बिजली, पानी, सड़क, घर की बात नहीं है, टीएमसी सरकार अपनी राजनीति की वजह से आयुष्मान योजना को भी लागू नहीं कर रही है।

बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं

पीएम ने कहा कि हमारे बंगाल ने आजादी के बाद विभाजन सहा, विभाजन की आग देखी, मजहबी दंगे देखे, बाद के दशकों में अस्थिरता देखी, घुसपैठ का दौर देखा, रक्तपात सहा, इन सबकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी अगर कोई थी तो बंगाल की माताएं, बहनें, महिलाएं थी। लेफ्ट की सरकार में हत्या, बलात्कार और अपहरण का वह दौर कोई नहीं भूल सकता इसलिए आप लोग लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा के साथ टीएमसी को लेकर आए। आपने टीएमसी पर भरोसा किया लेकिन टीएमसी ने लेफ्ट के गुंडों, माफियाओं को ही अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है, आए दिन बहन-बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं।

भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी

उन्होंने कहा कि यहां निर्मम सरकार खुलेआम बलात्कारियों को संरक्षण देती है, अपराधियों को बचाने की कोशिश करती है। संदेशखाली की वह तस्वीरें और टीएमसी का रवैया, आर जी कर अस्पताल की उस बेटी के साथ हुई दरिंदगी बंगाल के लोग भूले नहीं है। टीएमसी कैसे खुलेआम अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती थी। इसी मानसिकता का परिणाम है आज महिलाओं के खिलाफ एसिड अटैक जैसे घिनोने अपराध पश्चिम बंगाल में हो रहे हैं। बंगाल को ऐसे हालात मंजूर नहीं है, आप भाजपा को मौका दीजिए, भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी और अपराधी जेल में होंगे और यह मोदी की गारंटी है।

निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए

कोलकाता में पीएम मोदी ने कहा कि आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए। लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा।

भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी

उन्होंने कहा कि जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, टीएमसी के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा। यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और एनडीए के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है। श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी। भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी।

Next Story