
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बधाई मांगने आए किन्नर...
बधाई मांगने आए किन्नर की ले ली जान, घर के अंदर बक्से में मिला शव, आरोपी ने भी फंदे से लटकर किया सुसाइड, जानें पूरा मामला...

बलिया। यूपी में बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल एक ही घर से 2 शव बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में 25 साल के रवि गुप्ता और बीते कल यानी 17 फरवरी से लापता किन्नर रेखा भी शामिल हैं। इस मामले में पुलिस पूरे गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने रवि के शव को कमरे से और किन्नर रेखा की बॉडी को चौथी मंजिल पर रखे बक्से से बरामद किया है।
पति को जगाने गई तो फंदे से लटका पाया
जानकारी के अनुसार, भोजन करने के बाद रवि गुप्ता रात में घर की तीसरी मंजिल पर सोने चला गया। गुरुवार को जब उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला था और रवि रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पिछले साल हुई थी शादी
जांच के दौरान जानकारी मिली कि विजय गुप्ता के बेटे रवि गुप्ता की शादी पिछले साल हुई थी। उस समय किन्नर समाज के लोग बधाई लेने उनके घर पहुंचे थे, लेकिन किसी कारणवश उन्हें पैसे नहीं मिले थे। जानकारी के अनुसार, रेखा किन्नर दुबारा से बधाई लेने उसके घर पर गई थी। उस समय घर की महिला सदस्य बाहर गई हुई थी, जिससे उसे पैसे नहीं मिल पाए।
बक्से में बंद था किन्नर रेखा का शव
जांच के दौरान घर की तलाशी ली गई। घर के चौथी मंजिल पर बने करकट शेड में रखे एक बड़े बक्से से किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ। रेखा पिछले 2 दिनों से लापता थी। जांच में सामने आया कि सीसीटीवी फुटेज में रेखा को रवि गुप्ता के घर में प्रवेश करते देखा गया था, लेकिन बाहर निकलते हुए नहीं देखा गया।
किन्नर समाज ने जताया आक्रोश
किन्नर समाज ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें रवि गुप्ता भी शामिल है, लेकिन रवि ने भी आत्महत्या कर ली। वहीं, अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।




