
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- LPG की चिंताओं को...
LPG की चिंताओं को सरकार ने किया खारिज! देश में प्रोडक्शन 10 प्रतिशत बढ़ाया गया

नई दिल्ली। ईरान और इजराइल में चल रहे युद्ध की वजह से खाड़ी देशों में तबाही आ गई है। यह पूरी दुनिया के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। वहीं इस जंग की वजह देश के अलग-अलग हिस्सों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबर आ रही थी। जिससे आम आदमी की परेशानी बढ़ गई थी। इस बीच सरकार ने बयान जारी किया। सरकार ने कहा कि देश में LPG का प्रोडक्शन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। सरकार ने बताया कि देश की सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता के साथ गैस का उत्पादन कर रही हैं।
एलपीजी गैस की कमी से जुड़ी चिंताओं को किया खारिज
साथ ही, सरकार ने देश में एलपीजी गैस की कमी से जुड़ी चिंताओं को भी खारिज कर दिया। सरकार ने कहा कि देश में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है। देश में रोजाना 60 लाख एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई होती है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी तरह की जो कमी है, उसे इंडस्ट्री से डाइवर्ट करके पूरा किया जा रहा है। डिस्ट्रब्यूटर के पास लगभग ढाई दिन में स्टॉक पहुंचता था, वो आज भी ढाई दिन ही है। देश में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और काला बाजारी रोकने के लिए बुकिंग की अवधि को 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
होर्मुज स्ट्रेट को छोड़कर बाकी रूटों से आयात बढ़ा
सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत की खबरों के बीच कहा कि भारत ने होर्मुज स्ट्रेट को छोड़कर बाकी रूटों से आयात बढ़ा दिया है। पहले इन रूटों से 55 फीसदी तेल और गैस आता था, जिसे अब बढ़ाकर 70 फीसदी कर दिया गया है। सरकार ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में की गई 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कहा कि ये बढ़ोतरी मौजूदा हालात की वजह से नहीं, बल्कि पिछले साल की रिकवरी की वजह से की गई है। दरअसल, इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि वहां रेस्टॉरेंट, होटल, ढाबों पर अचानक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई बंद कर दी गई है।




