Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

आतंकवादियों के आकाओं को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया! यह मानसून सत्र एक विजयोत्सव है... मानसून सत्र की शुरुआत से पहले बोले पीएम मोदी

Anjali Tyagi
21 July 2025 12:02 PM IST
आतंकवादियों के आकाओं को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया! यह मानसून सत्र एक विजयोत्सव है... मानसून सत्र की शुरुआत से पहले बोले पीएम मोदी
x
पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने जो लक्ष्य रखा था उसको आतंकियों के घर में घुसकर पूरा किया।

नई दिल्ली। आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है। बता दें कि यह सत्र अगले 32 दिनों तक चलेगा। यानी मानसून सत्र का आखिरी दिन 21 अगस्त होगा। इस सत्र की 21 बैठकें होंगी। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ऑपरेशन सिंदूर पर किए गए दावों पर भी जवाब देगी। वहीं पीएम मोदी ने सत्र शुरू होने से पहले मीडिया को संबोधित किया। जिसके बाद संसद में हंगामा देखने को मिला। विपक्ष कई अहम मुद्दों को लेकर चर्चा करने पर अड़ गया।

विपक्षी सांसद ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा करने की कर रहे मांग

जानकारी के मुताबिक सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसद खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। दरअसल विपक्षी सांसद ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। वहीं लोकसभा अध्यक्ष का कहना है कि अभी प्रश्नकाल चल रहा है और प्रश्नकाल के बाद नियमों के तहत हर विषय पर चर्चा की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सांसदों के व्यवहार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिन सांसदों को नारेबाजी करनी है, वो सदन के बाहर जाएं। सदन नारेबाजी करने के लिए नहीं बल्कि चर्चा करने के लिए है।

पीएम ने मानसून को बताया नव सृजनता का प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मानसून नवप्रवर्तन और नव सृजन का प्रतीक है। अब तक हासिल समाचारों के अनुसार, देश में मानसून बहुत अच्छा चल रहा है। कृषि के लिए लाभकारी मौसम की खबरें हैं। और बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और इतना ही नहीं, हर परिवार की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।"

22 मिनट में आतंकियों के ठिकानों को किया नेस्तेनाबूद- पीएम मोदी

मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का, भारत के सैन्य के सामर्थ्य का रूप देखा है। भारत की सेना ने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, वह 100 फीसदी हासिल किया। दुश्मन के घर में घुसकर 22 मिनट में आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। बिहार के कार्यक्रम के दौरान जो घोषणा की थी, बहुत ही कम समय में सेना ने वो कर के दिखा दिया। मेक इन इंडिया की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है। जब भी मैं विदेश में साथियों से मिलता हूं तो उसकी तारीफ होती है। जब सदन इस विजयोत्सव को एक स्वर में विजय के भाव से इस सत्र के दौरान उस भावना को प्रकट करेगा, तो भारत की सैन्य शक्ति को बल मिलेगा। देश को प्रेरणा मिलेगी और सैन्य क्षेत्र में जो काम हो रहा है, उसे भी बल मिलेगा। मेक इन इंडिया को बल मिलेगा। नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर खोलेगा।

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में पहलगाम आतंकी हमले और एअर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

मानसून सत्र के अहम बिल

बता दें कि केंद्र सरकार इस मानसून सत्र में कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगी।

1. लोकसभा मणिपुर माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2025

2. जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक 2025

3. भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक 2025

4. कराधान कानून (संशोधन) विधेयक 2025

5. विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव) विधेयक 2025

6. खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2025

7. राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025

8. राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक 2025

Next Story