
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- हवाई यात्रा पर अब...
हवाई यात्रा पर अब मीडिल ईस्ट में युद्ध का पड़ेगा असर! एअर इंडिया और एक्सप्रेस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

नई दिल्ली। मीडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह से पहले घरेलू गैस की महंगाई से आम आदमी की जेब पर मार पड़ी है। उधर, अब हवाई यात्रा की कीमतों में उछाल आया है। दरअसल, जेट फ्यूल की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्रियों पर भी पड़ने लगा है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है।
सार्क देशों की उड़ानों पर भी ये शुल्क होगा लागू
बता दें कि एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार 12 मार्च से घरेलू उड़ानों के हर टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। यह शुल्क सार्क देशों की उड़ानों पर भी लागू होगा। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी सरचार्ज बढ़ाया गया है। पश्चिम एशिया के लिए उड़ानों पर 10 डॉलर का फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा। वहीं अफ्रीका के लिए यह शुल्क 30 डॉलर बढ़ाकर 90 डॉलर कर दिया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए यह 20 डॉलर बढ़ाकर 60 डॉलर कर दिया गया है।
सभी बदलाव 12 मार्च से होंगे लागू
ये सभी बदलाव 12 मार्च से लागू होंगे। सिंगापुर के लिए उड़ानों पर भी अब फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा, जबकि अभी तक इस रूट पर ऐसा कोई शुल्क नहीं था। एयर इंडिया समूह ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक हालात के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल आया है। इसी वजह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का फैसला लिया गया है।




