Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

खत्म नहीं हुआ मानसून का दौर! मौसम विभाग ने यूपी-बिहार सहित कई राज्यों में जारी की भारी बारिश की चेतावनी

Anjali Tyagi
11 Sept 2025 10:41 AM IST
खत्म नहीं हुआ मानसून का दौर! मौसम विभाग ने यूपी-बिहार सहित कई राज्यों में जारी की भारी बारिश की चेतावनी
x
महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश हो सकती है। 12 सितंबर को बारिश बढ़ सकती है।

नई दिल्ली। भारत में कुछ समय से हर क्षेत्र में बारिश और बाढ़ ने हाहाकार मचा रखा है। बता दें कि मानसून का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों में चेतावनी जारी की है। जिसके मुताबिक 11 से 16 सितंबर के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इस दौरान न केवल भारी बारिश बल्कि गरज-चमक और तेज हवाओं का भी खतरा रहेगा। खासकर पूर्वोत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग का कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम संबंधी जानकारी साझा की है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 11 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 11 से 14 सितंबर तक लगातार तेज बारिश की संभावना है। बिहार में 11 से 14 सितंबर और झारखंड में 11 सितंबर को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते बिहार के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश देखने को मिल सकती है।

क्या है उत्तर भारत में मौसम का मिजाज

जानकारी के मुताबिक उत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में 11, 12, 15 और 16 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में और 12 सितंबर को पश्चिमी हिस्सों में बारिश के आसार जताए जा रहे है। 11 सितंबर को पूर्वी यूपी के गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 और 14 सितंबर को यहां भी भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है।

पश्चिम और दक्षिण भारत में बारिश के आसार

बता दें कि पश्चिम और दक्षिण भारत की स्थिति भी सही नहीं है। दरअसल महाराष्ट्र और गोवा में 12 से 16 सितंबर के बीच कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भारी वर्षा के आसार दिखाई दे रहे हैं। महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश हो सकती है। 12 सितंबर को बारिश बढ़ सकती है। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Next Story