
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 'जटाधरा' का ट्रेलर हुआ...
'जटाधरा' का ट्रेलर हुआ रिलीज, सोनाक्षी सिन्हा और सुधीर बाबू की जोड़ी का दिखेगा धमाल, जानें सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी मूवी

मुंबई। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और सुधीर बाबू की जोड़ी धमाल मचाने के लिए तैयार है। दरअसल दोनों की नई फिल्म 'जटाधरा' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ऐसे में मेकर्स ने फैंस को दिवाली पर गिफ्ट देते हुए फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस कर दी है। मेकर्स के मुताबिक 'जटाधरा' सिनेमाघरों में 7 नवंबर को दस्तक देगी।
बता दें कि मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्टर शेयर किया, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा का रौद्र और शक्तिशाली अवतार नजर आ रहा है। वहीं, सुधीर बाबू त्रिशूल थामे कमर पर हाथ रखकर दमदार अंदाज में खड़े हैं। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा, "जटाधरा की शक्ति अब प्रकट होने वाली है। इस दिव्य अनुभव के लिए तैयार हो जाइए। 'जटाधरा' 7 नवंबर से सिनेमाघरों में।"
फिल्म 'जटाधरा' में सुधीर बाबू और सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे और दिव्या खोसला, शिल्पा शिरोडकर, इंदिरा कृष्णा, रवि प्रकाश, नवीन नेनी, रोहित पाठक, राजीव कनकाला और सुभलेखा सुधाकर जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखेंगे। फिल्म का निर्देशन अभिषेक जायसवाल और वेंकट कल्याण ने किया है, जबकि जी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा इसके निर्माता हैं।
जटाधारा' एक ऐसी दुनिया की कहानी है, जहां काला जादू सिर्फ एक अनुष्ठान नहीं बल्कि एक खतरनाक हथियार है, जो इंसानी नियंत्रण से परे शक्तियों को मुक्त करता है। भूली-बिसरी लोककथाओं में जड़ें जमाए यह कहानी महत्वाकांक्षा, लालच और प्राचीन अनुष्ठानों की परतें खोलती है, जो समय के साथ दफन नहीं हो पातीं।
इसकी कहानी एक खजाने की खोज के रूप में शुरू होती है, और धीरे-धीरे एक भयावह अलौकिक दुनिया को उजागर करती है। इस अलौकिक दुनिया में न सिर्फ सदियों पुराने श्राप जाग उठते हैं, बल्कि बेचैन आत्माएं अपना हक वापस लेने लौट आती हैं। इस संसार में आस्था और आधुनिकता के टकराव के साथ ही विश्वास तथा भय की सीमाएं धुंधली पड़ती जाती हैं।