
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- दिल्ली-एनसीआर में...
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना! अगले 4 दिनों तक देश के इन हिस्सों में बारिश से मिलेगी राहत

नई दिल्ली। एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में हल्की बारिश ने मौसम में बदलाव किया है। पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखा गया है। कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। एनसीआर में बारिश होने से प्रदूषण में भी कमी दर्ज की जाएगी। देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश के बाद मौसम विभाग नजर बनाए हुए है।
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी हैं। रविवार तड़के सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पहाड़ी राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में, 15 और 18 मार्च को हिमाचल प्रदेश में, 15 और 16 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में, तथा 16 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है।
शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा सोमवार और बुधवार के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना में दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक था।
मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से बारिश और बादलों की गतिविधि बढ़ सकती है। राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बादल गरजने की स्थिति बन सकती है। पूर्वी भारत में झारखंड के कई जिलों में भी अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है।




