
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- यह जल मिशन नहीं बल्कि...
यह जल मिशन नहीं बल्कि कमीशन मिशन है... महोबा में पानी की टंकी फटने पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज!

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में महोबा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनी पानी की टंकी फटने की घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव के बयान से सियासी हलचल मच गई है। उन्होंने अखबार में छपी खबर पर चर्चा करते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार का परिणाम है। दरअसल जैतपुर ब्लॉक के ग्राम नगाराडांग में टेस्टिंग के एक दिन बाद ही टंकी फट गई थी।
जल जीवन मिशन का मामला
जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक जैतपुर के ग्राम नगाराडांग में नमामि गंगे के तहत संचालित जल जीवन मिशन की हर घर नल से जल योजना में गंभीर अनियमितत पाई गई है। वर्ष 2025 में बनाई गई पानी की टंकी 3 फरवरी को टेस्टिंग के लिए भरी गई थी। दरअसल 4 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे टंकी अचानक फट गई और हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो गया। इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बुलडोजर चलाने को लेकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि महोबा में बीजेपी के भ्रष्टाचार का बोझ पानी की टंकी नहीं उठा पाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां बुलडोजर नहीं चलेगा, क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइपलाइन महोबा से लखनऊ तक जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति कर रही है। उन्होंने आगे लिखा कि यह जल मिशन नहीं बल्कि कमीशन मिशन है। उनके इस बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है, लेकिन सरकार पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
वहीं ग्राम प्रधान गायत्री ने टंकी फटने की शिकायत डीएम गजल भारद्वाज और एडीएम नमामि गंगे से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में बड़े स्तर पर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री ने 30 दिन में सभी गांवों में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




