
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- झारखंड एयर एंबुलेंस...
झारखंड एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर टीएमसी ने उठाई जांच की मांग, सात लोगों की गई थी जान

रांची। पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने झारखंड के चतरा जिले में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे की गहन और पारदर्शी जांच की मांग की है। इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट पर कहा दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
टीएमसी ने उठाई जांच की मांग
टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, 'झारखंड के चतरा जिले में एयर एंबुलेंस का दुखद हादसा, जिसमें सभी सात लोगों की जान चली गई, गहरे शोक का विषय है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और इस कठिन घड़ी में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।'
पार्टी ने आगे कहा, 'हम संबंधित प्राधिकरणों से आग्रह करते हैं कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। विमान ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और करीब 7:30 बजे लापता हो गया। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि खराब मौसम हादसे का संभावित कारण हो सकता है, हालांकि वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
कैसे हुआ हादसा
सोमवार (23 फरवरी 2026) की शाम को रेडबर्ड एयरवेज का बीचक्राफ्ट C90 विमान (पंजीकरण VT-AJV) रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के लगभग 20-23 मिनट बाद चतरा के सिमरिया ब्लॉक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खराब मौसम (आंधी-तूफान और बिजली गिरना) को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पायलटों ने संपर्क टूटने से पहले 'वेदर डेविएशन' (मौसम के कारण रास्ता बदलने) का अनुरोध भी किया था। फिलहाल DGCA और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीमें घटना की विस्तृत जांच कर रही हैं और विमान के ब्लैक बॉक्स को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।




