
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- गर्मियों में लू से...
गर्मियों में लू से परेशान, अपनाएं बचाव के लिए कुछ अचूक उपाय

नई दिल्ली। गर्मियों में तापमान के कई रिकॉर्ड टूटते हैं, जिसकी वजह से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। तेज तपती गर्मी में दोपहर के समय बहुत तेज गर्म हवाएं चलती हैं, जिसे लू कहा जाता है। जिन लोगों की इम्युनिटी अच्छी होती है, वह लू को सहन कर लेते हैं, जो नहीं कर पाते हैं, वह बीमार पड़ जाते हैं। वर्तमान में ज्यादातर लोग इन हवाओं को सहन नहीं कर पाते हैं और बीमार पड़ जाते हैं। इसलिए बहुत जरूरी है कि अपना ख्याल रखें और इनके बचने के उपाय पता हो। आज हम आपको बताने वाले है लू से बचने के कुछ अचूक उपाय के बारे में।
क्या होता है हीट स्ट्रोक ?
लू लगना या हीट स्ट्रोक वह स्थिति है, जिसमें शरीर के तापमान में बहुत ज्यादा वृद्धि होती है। यह समस्या तब होती है जब शरीर पड़ रही गर्मी को दूर नहीं कर पाता है, जिसके कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं घेर लेती हैं। गर्मियों के मौसम में लू लगना कोई बड़ी बात नहीं है। हीट स्ट्रोक तब होता है, जब आप लंबे समय तक धूप में अधिक टेम्परेचर में रहते हैं या काम करते हैं और आपका शरीर अपने तापमान को नियंत्रित नहीं कर पाता है। लू लगने पर आपके शरीर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है। हीट स्ट्रोक में शरीर का तापमान 105°F से अधिक होता है और शरीर के सेंट्रल नर्व सिस्टम में जटिलताएं उत्पन्न होती है। यदि समय रहते इसका इलाज नहीं किया जाता हैं तो यह जानलेवा भी हो सकता है।
लू से बचने के लिए कुछ महत्वपूर्ण उपाय
हाइड्रेटेड रहें- खूब पानी पिएं, लस्सी, छाछ, नारियल पानी, और जूस जैसे तरल पदार्थ का सेवन करें।
धूप से बचें- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, अगर निकलना जरूरी हो तो छाता या टोपी का इस्तेमाल करें।
हल्के और ढीले कपड़े पहनें- सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें, जो पसीने को सोख सकें और त्वचा को ठंडा रखें।
शरीर को ठंडा रखें- ठंडे पानी से स्नान करें, पंखे या कूलर का इस्तेमाल करें, और शरीर को ठंडा रखने के लिए बर्फ का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
भारी और मसालेदार भोजन से बचें- भारी, तली-भुनी और मसालेदार चीजों का सेवन कम करें, क्योंकि ये गर्मी बढ़ा सकती हैं।
शराब और कैफीन से बचें- शराब और कैफीन शरीर को निर्जलित कर सकते हैं, इसलिए इनसे बचने की कोशिश करें।
बच्चों को ध्यान रखें- बच्चों को तेज धूप में बाहर खेलने न दें और उन्हें बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।
धूप में नंगे पाँव न चलें- तेज धूप में नंगे पाँव चलने से पैरों को नुकसान हो सकता है, इसलिए जूते-चप्पल पहनें।
भारी काम न करें- तेज धूप में भारी काम करने से शरीर को और ज्यादा गर्मी लग सकती है, इसलिए भारी काम करने से बचें।
लू के घरेलू उपाय
1. प्याज का रस- प्याज के रस को लू का रामबाण इलाज माना जाता है। इसलिए गर्मियों के मौसम में इसे खाने की सलाह दी जाती है। सुबह नाश्ते या लंच में कच्चा प्याज खाकर लू से बचा जा सकता है। प्याज के रस को दो चम्मच पीने से भी लू में आराम मिलता है।
2. सौंफ का पानी- सौंफ के पानी का इस्तेमाल लू लगने पर किया जा सकता है। रात में सौंफ को एक गिलास पानी में भिगो लें फिर अगली सुबह पीने से लू में आराम मिलता है। सौंफ बेहतरीन माउथफ्रेशनर होने के साथ पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है।
3. धनिया-पुदीने का रस- अगर आप लू से कोई आसान और तुरंत राहत पहुंचाने वाला तरीका ढूंढ चाहते है तो धनिया और पुदीने का रस पिएं। धनिया और पुदीने के रस में चुटकी भर चीनी मिलाकर पीने से लू जल्दी उतरता है।
4. दही और छाछ- लू से बचने के लिए आप दही और छाछ पी सकते है। इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह गर्मी और लू से राहत देती है।
लू लगने के लक्षण
- तेज बुखार
- उल्टी और जी मिचलाना
- तेज सिरदर्द
- मांसपेशियों में ऐंठन
- बेहोशी
- त्वचा का लाल और गर्म होना
तरल पदार्थों का करें सेवन
इसके बाद, ओआरएस, नींबू पानी या नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें। यदि लू गंभीर हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।