Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

ट्रंप ने फिर अलापा पुराना राग! बोले- भारत-पाकिस्तान युद्ध टालने में अहम भूमिका निभाई...

Shilpi Narayan
19 Feb 2026 10:05 PM IST
ट्रंप ने फिर अलापा पुराना राग! बोले- भारत-पाकिस्तान युद्ध टालने में अहम भूमिका निभाई...
x
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी।

दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत- पाकिस्तान के मुद्दे पर अक्सर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। जिसकी वजह से ऐसा लगता है कि भारत में सियासी सरगर्मी तेज होने वाली है। वहीं ट्रंप के अनुसार, अगर हस्तक्षेप न होता तो व्यापक युद्ध छिड़ सकता था।

बेबुनियाद दावे को दोहराया

बता दें कि एक बार फिर ट्रंप भारत-पाकिस्तान के मुद्दे पर अपने दावों को लेकर चर्चा में हैं। वह पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने दोनों देशों के बीच संभावित युद्ध टालने में अहम भूमिका निभाई। अब ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के कार्यक्रम में उन्होंने फिर से अपने इस बेबुनियाद दावे को दोहराया है। उन्होंने कहा कि उस समय हालात बेहद गंभीर थे और उनकी पहल से ये बड़ा टकराव टल गया।

युद्ध रुकवाकर लाखों लोगों की जान बचाई

वहीं उन्होंने दावा किया कि उनकी बातचीत और सख्त आर्थिक चेतावनी के कारण संघर्ष थमा और करीब 25 मिलियन यानी ढाई करोड़ लोगों की जान बचाई जा सकी। कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने बताया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उनके सामने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाकर लाखों लोगों की जान बचाई। ट्रंप के अनुसार उस समय हालात बेहद गंभीर थे, लड़ाकू विमान गिराए जा रहे थे और स्थिति तेजी से युद्ध की ओर बढ़ रही थी। उन्होंने दावा किया कि उस संघर्ष के दौरान 11 महंगे जेट विमान मार गिराए गए थे।

पीएम मोदी काफी उत्साहित हैं

ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान का मामला बहुत बड़ा मुद्दा था और यह एक अहम स्थिति थी। अंत में उन्होंने पीएम मोदी का भी जिक्र किया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी से बात की है और पीएम मोदी काफी उत्साहित हैं और इस कार्यक्रम को देख रहे हैं। ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत और पाकिस्तान का नाम लेकर उनका धन्यवाद भी किया। ट्रंप ने कहा कि जब आर्थिक नुकसान और व्यापार पर असर की बात सामने आई तो दोनों देशों ने पीछे हटने का फैसला किया। ट्रंप की शब्दों में कहे तो, जब बात पैसे की आई तो दोनों देशों ने कहा कि शायद हम लड़ना नहीं चाहते।

200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की दी थी चेतावनी

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने तुरंत भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के नेताओं से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि वे भारत के पीएम नरेंद्र मोदी को अच्छी तरह जानते हैं और सीधे उनसे बातचीत की। ट्रंप के अनुसार उन्होंने दोनों देशों से साफ कहा कि यदि वे आपसी संघर्ष नहीं रोकेंगे तो अमेरिका उनके साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करेगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को 200 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी।

Next Story