
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ट्रंप ने फिर दिया...
ट्रंप ने फिर दिया दुनिया को झटका! टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% करने का बड़ा किया ऐलान

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज आयातित वस्तुओं पर लगने वाले ग्लोबल टैरिफ को 10% से बढ़ाकर 15% करने का बड़ा ऐलान किया है। यह कदम अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके पुराने टैरिफ शासन को अवैध घोषित करने के ठीक एक दिन बाद आया है। साथ ही ट्रंप ने कहा कि कई देशों ने दशकों तक अमेरिका को लूटा है और ये फैसला उसी के जवाब में लिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट का झटका
बता दें कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से फैसला सुनाया कि ट्रंप ने 1977 के 'इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट' (IEEPA) का उपयोग करके व्यापक टैरिफ लगाकर अपनी शक्तियों का उल्लंघन किया है। ट्रंप ने इस फैसले को "बेहद निराशाजनक" और "अमेरिका विरोधी" बताया। उन्होंने जजों की आलोचना करते हुए कहा कि वे विदेशी हितों से प्रभावित हैं। कोर्ट के फैसले को दरकिनार करने के लिए ट्रंप ने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 122 का सहारा लिया है। यह कानून राष्ट्रपति को 150 दिनों के लिए अस्थायी रूप से 15% तक आयात अधिभार लगाने की अनुमति देता है।
नया 15% ग्लोबल टैरिफ 24 फरवरी से होगा लागू
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कुछ घंटों बाद ट्रंप ने पहले 10% ग्लोबल टैरिफ का ऐलान किया था, जिसे बढ़ाकर 15% कर दिया है। वहीं यह नया 15% ग्लोबल टैरिफ 24 फरवरी 2026 को रात 12:01 बजे से प्रभावी होने की उम्मीद है।
भारत पर प्रभाव
इस नए आदेश से भारत जैसे देशों पर प्रभाव पड़ेगा। हालांकि, कुछ रिपोर्टों के अनुसार, भारत के लिए टैरिफ दर जो पहले 18% थी, अब इस नए 10% (या संशोधित 15%) ग्लोबल सरचार्ज के दायरे में आ सकती है।




