
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- चलती ट्रेन में लड़की...
चलती ट्रेन में लड़की से टीटीई ने किया रेप का प्रयास, फिर हुआ फरार, आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित

देवरिया। यूपी के देवरिया जिले से बड़ी अजीबोगरीब खबर सामने आ रही है। दरअसल एक युवती ने चलती ट्रेन में टीटीई द्वारा दुष्कर्म करने का प्रयास का आरोप लगाया है। इस मामले में कथित आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। एसपी रेलवे ने पुलिस टीम का गठन कर आरोपी पर 10 हजार रुपये इनाम घोषित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी बिहार के बिहटा स्थित समसारा गांव का निवासी है।
AC फर्स्ट क्लास के केबिन में दुष्कर्म का प्रयास
दरअसल युवती ने आरोप लगाया है कि उसके साथ AC फर्स्ट क्लास के केबिन में ले जाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी ने आरोपी टीटीई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पटना में दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक आरोपी को रेलवे पुलिस नहीं खोज पाई है।
देवरिया जीआरपी में मामला स्थानांतरित
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मऊ से गोरखपुर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी। उसके बाद युवती ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान टीटीई ने चलती ट्रेन में उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर पहले गोरखपुर जीआरपी में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद घटना स्थल देवरिया क्षेत्र में पड़ने के कारण केस को देवरिया जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से साक्ष्य जुटा रही पुलिस
जीआरपी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। रेलवे अधिकारियों से आरोपी के ड्यूटी चाटर्, संबंधित कोच की सूची, यात्रियों का विवरण और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस कड़ी में पीड़िता के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




