
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- UP: हत्या का...
UP: हत्या का अजीबो-गरीब मामला! 'तुम दोनों 'गे' हो... ये बात सबको बता दूंगा', धमकी मिलने से खफा होकर कर डाली हत्या, जानें पूरा मामला

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल पुलिस ने कीटनाशक विक्रेता मनीष हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। साथ ही साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों ने हत्या की वजह भी बता दी है। बता दें कि हत्या की वजह बहुत ही हैरान कर देने वाली है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि यूपी के शामली के गांव खेड़ा भाऊ निवासी कीटनाशक विक्रेता मनीष (28) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वह घायल अवस्था में गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था। पुलिस के मुताबिक गांव खेड़ा भाऊ निवासी मनीष कुमार एक कंपनी में कीटनाशक बेचने का काम करता था। वह किसी काम से ऊन गया था और वहां से दोपहर करीब डेढ़ बजे घर लौट रहा था। उसके ताऊ रूप सिंह को जानकारी मिली कि मनीष गांव के रास्ते पर स्वीमिंग पुल के निकट घायलावस्था में पड़ा हुआ है। परिजन उसे लेकर ऊन सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समलैंगिक होने का राज खोलने की धमकी दे रहा मनीष
इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपी राजवीर व उसके साथी साहिल को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए एक आरोपी ने अपने को समलैंगिक बताया है। उन्होंने बताया कि मनीष को वह काफी समय से जानता था। उसके गांव में उसका काफी आना जाना था। उसकी मनीष से दोस्ती हो गई। राजवीर का कहना है कि कुछ दिन पहले उसकी साहिल से भी दोस्ती हो गई।
इसकी जानकारी होने पर मनीष उन दोनों को धमकी देने लगा कि वह सबको बता देगा कि वे दोनों समलैंगिक हैं। इस बात से परेशान होकर उसने और साहिल ने मनीष को मारने की योजना बनाई। एसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोनों आरोपी राजवीर और साहिल बाइक से मनीष के घर पहुंचे लेकिन मनीष वहां नहीं मिला।
मनीष का साहिल के साथ झगड़ा हुआ
जानकारी होने पर मनीष उनसे मिलने के लिए रामबीर के बाग में पहुंच गया। वहां पर मनीष का साहिल के साथ झगड़ा हो गया। पहले से बनाई गई योजना के तहत राजवीर ने मनीष के हाथ पकड़े और साहिल ने चाकू से वार किए। चाकू लगने से मनीष बुरी तरह घायल हो गया और वहीं गिर गया। इस दौरान राजबीर के दाहिने हाथ में भी चाकू लग गया। हत्या के बाद दोनों आरोपी बाइक से भाग गए थे।
चार बहनों का इकलौता भाई था मनीष
बता दें कि गांव खेड़ा भाऊ निवासी मनीष चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मनीष से बड़ी तीन बहनें और एक छोटी बहन है। सभी बहनों की शादी हो चुकी है। मनीष की भी करीब छह महीने पहले ही शादी हुई थी। पिता अंगद खेती करते हैं।




