
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- UP: मुरादनगर थाने के...
UP: मुरादनगर थाने के सामने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जानें कितनी छोटी सी बात पर दबंगों की दुस्साहस

गाजियाबाद। गाजियाबाद के मुरादनगर थाने के सामने दबंगों ने युवक की चार गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के बीच रास्ते से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया था। मृतक थाने में मामले की शिकायत करने गया था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज सुबह से थाने के सामने दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजन सड़क पर ही लेट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझने का प्रयास कर रही है।
रास्ते से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ था
दिल्ली मेरठ मार्ग पर मुरादनगर थाने के सामने गांव मिल्क रावली निवासी युवक रवि शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आसपास रहने वाले दो दबंगों पर गोली मारने का आरोप है। परिजनों ने बताया कि बुधवार देर रात रास्ते से कार निकालने को लेकर रवि शर्मा का अजय, मोंटी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों में कहासुनी हो गई थी। इसके विरोध में दोनों आरोपी रवि शर्मा के घर पहुंचे और मारपीट की। मारपीट की शिकायत करने रवि शर्मा अपने भाई के साथ मुरादनगर थाने पहुंचे।
थाने के सामने गोली मारी
पीड़ित के थाने पहुंचने के बाद आरोपी भी थाने पहुंचे। इसके बाद आरोपी अजय व मोंटी रवि शर्मा से बात करने लगे। तभी आरोपियों ने रवि शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोली लगने से रवि शर्मा लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गए। गोली मारने के आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए। घायल रवि शर्मा को तुरंत मोदीनगर के निवोक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों ने जाम लगाया
मृतक के परिजनों ने निवोक अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसके बाद परिजन बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली मेरठ मार्ग पहुंचे। परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही डीसीपी ग्रामीण व एसीपी मसूरी पुलिस फोर्स मौके पहुंच गए। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।