Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

कांग्रेस की दिग्गज नेता मोहसिना किदवई का निधन! दिल्ली में लीं अंतिम सांस, राजनीतिक जगत में शोक की लहर....

Aryan
8 April 2026 4:49 PM IST
कांग्रेस की दिग्गज नेता मोहसिना किदवई का निधन! दिल्ली में लीं अंतिम सांस, राजनीतिक जगत में शोक की लहर....
x
मोहसिन किदवई के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

नई दिल्ली। राजनीति का एक जाना माना सम्मानित चेहरा आज यानी बुधवार को हमेशा के लिए खामोश हो गया है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का आज निधन हो गया। इस खबर से सियासी गलियारों में दुख की लहर दौड़ गई है। मोहसिना की मौत से कांग्रेस पार्टी के साथ ही पूरे देश की राजनीति को एक बड़ी क्षति हुई है। यूपी के बाराबंकी जिले से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। मोहसिन किदवई के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शोक जताया है।

बाराबंकी से रहा गहरा जुड़ाव

मोहसिना किदवई का बाराबंकी जिले से गहरा जुड़ाव रहा है। उनका ननिहाल और ससुराल दोनों ही मसौली क्षेत्र में स्थित था। वह अक्सर अपने गांव आया करती थीं और स्थानीय लोगों से उनका विशेष लगाव था। उनके परिवार के सदस्य ने कहा कि उनके निधन से पूरा परिवार गमगीन है और यह उनके लिए अपूरणीय क्षति है।

राजनीति का सफर

मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। वह उच्च शिक्षित थीं और शुरुआत से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

राहुल गांधी ने जताया दुख

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया लिखा है, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। वे कांग्रेस पार्टी की एक वरिष्ठ और निष्ठावान नेता थीं, जिनका संपूर्ण जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है। अपनी सादगी, सौम्यता और गरिमामय राजनीतिक सफलता से उन्होंने देश की कई पीढ़ियों की महिलाओं को प्रेरित किया। दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने शोक किया प्रकट

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मोहसिना किदवई जी के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं, जिन्होंने अपने जीवन के छह दशकों से अधिक समय राष्ट्र सेवा में समर्पित किया। लोकसभा और राज्यसभा में दीर्घकालिक सांसद और कई वर्षों तक कांग्रेस कार्यसमिति की एक सम्मानित सदस्य के रूप में, वे पार्टी के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी मार्गदर्शक बनी रहीं। उनका निधन कांग्रेस पार्टी और राष्ट्र के लिए एक गहरा नुकसान है। परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले।

जमीन से जुड़ी नेता थीं

मोहसिना किदवई को एक मजबूत, अनुभवी और जमीन से जुड़ी नेता के रूप में जाना जाता था। उनकी पहचान एक सुलझी हुई और प्रभावशाली राजनेता की रही, जिनका प्रदेश और केंद्र की राजनीति में लंबे समय तक दबदबा रहा। बता दें कि उनका सुपुर्द-ए-खाक दिल्ली में ही किया जाएगा। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Next Story