
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- मणिपुर में फिर भड़की...
मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 5 दिन के लिए इंटरनेट बंद... प्रशासन ने कर्फ्यू लगाया

इंफाल। मणिपुर के उखरूल जिले में ताजा हिंसा भड़कने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बता दें कि हथियारबंद बदमाशों ने घरों में आग लगा दी। जिसके बाद अधिकारियों ने कर्फ्यू लगा दिया और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए पांच दिनों के लिए इंटरनेट सर्विस सस्पेंड कर दी।
इंटरनेट पर पाबंदी
मणिपुर सरकार ने उखरूल जिले के पूरे राजस्व क्षेत्र में 5 दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं (ब्रॉडबैंड, VPN और VSAT सहित) को निलंबित कर दिया है। यह आदेश 10 फरवरी 2026 को सुबह 11:30 बजे से प्रभावी हुआ है।
कर्फ्यू लागू
उखरूल के जिला मजिस्ट्रेट ने शांति बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। यह पाबंदी लोगों की आवाजाही और भीड़ जुटने पर रोक लगाती है।
हिंसा का कारण
झड़पें 8 फरवरी की रात उखरूल के लितान सरइखोंग क्षेत्र में कुकी-ज़ो और तांगखुल नागा समुदायों के सदस्यों के बीच हुई मारपीट के बाद शुरू हुईं। उपद्रवियों ने कई खाली घरों को आग लगा दी और गोलीबारी की, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। इस हिंसा में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए इंफाल के रिम्स (RIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा बलों की तैनाती
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना, असम राइफल्स और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टुकड़ियों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।




