
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Weather Update:...
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में आसमान में छाए बादल, बारिश की संभावना, जानें कब तक बरसेंगे बदरा

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में आसमान में छाए बादल से बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले गुरुवार को जहां तेज धूप ने लोगों को खूब परेशान किया और अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस उतार-चढ़ाव भरे मौसम के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे दिल्लीवालों को भीषण गर्मी से फौरी राहत मिलेगी।
राजधानी में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। विभाग ने 4 अप्रैल को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, राजधानी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में सुबह-सुबह धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी। लोधी रोड और रिज क्षेत्र में भी पारा 36 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 अप्रैल तक हल्की बूंदाबांदी जारी रहेगी। 6 अप्रैल को मौसम आंशिक रूप से साफ रहेगा, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को एक बार फिर बारिश होने का अनुमान है।




