Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

WEATHER UPDATE: अगले दो दिनों में सर्दी की दस्तक देश के अलग-अलग हिस्सों में हो सकती है, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से बदला मौसम

Aryan
4 Nov 2025 9:59 AM IST
WEATHER UPDATE: अगले दो दिनों में सर्दी की दस्तक देश के अलग-अलग हिस्सों में हो सकती है, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से बदला मौसम
x
बिहार में होगी झमाझम बारिश, यूपी में एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं

नई दिल्ली। अगले दो दिनों में सर्दी की दस्तक देश के अलग-अलग हिस्सों में हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मौसम बदला है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पंजाब, हरियाणा में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

कई राज्यों में सुबह-शाम की गुलाबी ठंड

देश के कई राज्यों में सुबह-शाम की गुलाबी ठंड के बीच पश्चिमी विक्षोभ फिर से एक्टिव हो गया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी राज्यों में भी ठंड एकाएक बढ़ सकती है। इसका असर आज और कल यानी 4-5 नवंबर को पश्चिमी भारत पर देखने को मिल सकता है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की बरसात के साथ बर्फबारी होने का अनुमान है। सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे और धुंध के साथ हुई है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप देखने को मिलेगी।

बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों के अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में हल्की बारिश के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना है। 5-9 नवंबर तक राजधानी में तापमान 13-30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम साफ हो गया

मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस लिस्ट में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा का नाम शामिल है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम साफ हो गया है। सुबह कोहरा और धुंध रहने के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 8 नवंबर तक यूपी में आसमान साफ रहेगा। राज्य में अगले एक हफ्ते तक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, इस बीच पहाड़ों पर खराब मौसम के कारण मैदानी क्षेत्रों में तापमान तेजी से लुढ़क सकता है। बिहार में चक्रवात मोंथा का असर अभी भी देखा जा सकता है।

Next Story