
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- शादी का दावत बना काल:...
शादी का दावत बना काल: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में 2 गांव के 44 लोग बीमार, फूड पॉयजनिंग की आशंका...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया। दरअसल एक गांव में शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल हुए दो अलग-अलग पंचायतों के दर्जनों ग्रामीण फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। हालात इतनी खराब हो गई कि गांवों में एंबुलेंस की आवाजें गूंजने लगीं और देखते ही देखते अस्पतालों में मरीजों की लाइन लग गई।
शादी समारोह के चौथिया कार्यक्रम में हुए थे शामिल
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत आमदी के आश्रित ग्राम मोहलाई के ग्रामीण कुटेना में आयोजित एक शादी समारोह के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। भोजन करने के बाद जब वे अपने-अपने गांव लौटे, तो देर रात से ही कई लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गया।
बेड की संख्या पड़ी कम
फूड पॉइजनिंग की वजह से बीमारों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई। जानकारी के अनुसार, मोहलाई के 17 ग्रामीण गंभीर रूप से बीमार हैं। वहीं, बोइरगांव के 27 ग्रामीणों की हालत भी बेहद चिंताजनक है।
अस्पताल में इलाज जारी
फिलहाल अस्पताल कोसमी में मरीजों का इलाज जारी है। अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही हैं।
दावत का खाना जहरीला होने की आशंका
इस मामले को फूड पॉइजनिंग माना जा रहा है। शादी समारोह में परोसे गए भोजन के सैंपल की जांच की जाएगी। फिलहाल सभी ग्रामीणों की जान बचाना प्राथमिकता है।




