Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

MP की महिलाएं पीती हैं सबसे ज्यादा शराब...MP कांग्रेस अध्यक्ष के बयान से सियासत तेज, CM ने कहा-तीज के दिन बहनों का अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे

Shilpi Narayan
26 Aug 2025 8:00 PM IST
MP की महिलाएं पीती हैं सबसे ज्यादा शराब...MP कांग्रेस अध्यक्ष के बयान से सियासत तेज, CM ने कहा-तीज के दिन बहनों का अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे
x

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से सियासत तेज हो गई है। वहीं पटवारी के एक दावे से सत्ताधारी पार्टी ने उन्हें निशाने पर लिया है। पटवारी ने दावा किया कि देशभर में मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। उनके बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बयान की निंदा करते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया है।

पटवारी को पद से हटाने की मांग की

बता दें कि मुख्यमंत्री ने पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लाडली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण है। बहनों का यह अपमान मध्य प्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनके ही एक कांग्रेस नेता ने कहा था कि लाडली बहनों को बोरे में बंद कर देंगे। आज हरतालिका तीज है। तीज के त्योहार के दिन बहनों का अपमान हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। सीएम ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को माफी मांगने और पटवारी को पद से हटाने की मांग की है।

बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की लाडली बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया है। जनता इस अपमान का हिसाब लेगी। वहीं सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं पर टिप्पणी कर अपनी छोटी मानसिकता को दर्शाया है। यही कांग्रेस का चाल-चरित्र है। उसने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया।

कांग्रेस की महिला विरोधी कुत्सित मानसिकता

हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी पटवारी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस का चेहरा कितना महिला विरोधी है, इसका एक अत्यंत निंदनीय उदाहरण मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से सामने आया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में अधिकांश महिलाएं शराब पीती हैं, और सर्वाधिक शराब पीती हैं। यह बयान न केवल मध्य प्रदेश की महिलाओं का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की महिला विरोधी कुत्सित मानसिकता का एक अशोभनीय उदाहरण है।

हमारी बहनें, बेटियां नशा करने लगी हैं

बता दें कि जीतू पटवारी सरकार पर नशा, बेरोजगारी और कुपोषण पर हमला कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को तमंगा मिला है कि प्रदेश की महिलाएं देश में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। समृद्ध मध्य प्रदेश का सपना दिखाने वाली भाजपा ने यह हालत कर दिए हैं, जितना ड्रग का कारोबार यहां होता है उतना दूसरी किसी राज्य में नहीं होता। पटवारी ने कहा कि हमारी बहनें, बेटियां नशा करने लगी हैं, लाडली बहना के नाम पर वोट तो ले लिए और मध्य प्रदेश में बहना ही सबसे ज्यादा नशा करती हैं। इस पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह प्रयास नहीं किए कि इससे निजात कैसे दिलाएं।

Next Story