
वरदान स्पेशलिटी अस्पताल में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए नेशनल हेल्थ फेस्ट 2024 का आयोजन, फिट रखने की दी जानकारी

नेहा सिंह तोमर
गाजियाबाद। गाजियाबाद स्पेशल ओलंपिक्स भारत उत्तर प्रदेश ने वरदान स्पेशलिटी अस्पताल में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए नेशनल हेल्थ फेस्ट 2024 का आयोजन किया। इस दौरान अभिभावकों को जानकारी दी गई कि दिव्यांग बच्चों को किस तरह से फिट रखा जाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्पेशल ओलंपिक भारत की चेयरपर्सन डॉ. मल्लिका नड्डा, मैनेजिंग डायरेक्टर एचएससीसी नोवमान अहमद, स्पेशल ओलंपिक भारत यूपी के चेयरमैन मुकेश शुक्ला, वरदान सेवा संस्थान के चेयरमैन पूर्व विधायक कृष्णवीर सिंह सिरोही, एसओबी के एक्जीक्युटिव सदस्य और प्रोग्राम कन्वीनर ललित जायसवाल ने किया।
डॉ. मल्लिका नड्डा ने कहा कि दिव्यांग बच्चे बेहद खास होते हैं। उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। दिव्यांग बच्चे सिर्फ पढ़ाई ही नहीं बल्कि खेलों में भी देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं। ऐसे शिविर देशभर में आयोजित किए जाने चाहिए ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक हमारी पहुंच बन सके और उनकी सेहत को लेकर हम काम कर सके। विशेष अतिथि नोवमान अहमद ने कहा कि हर प्रकार के कार्यक्रमों को उनकी संस्था द्वारा हर मुमकिन सहायता दी जाएगी। प्रोग्राम कन्वीनर ललित जायसवाल ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य कैंप को उत्तर प्रदेश के हर जिले तक लेकर जाएंगे।
इस अवसर पर बर्लिन में खेल कर आए कमल सिंह, साहिल खान, नीरज सिंह, गुरुदयाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल अग्रवाल ने किया। शिविर में करीब 600 बच्चों की जांच की गई। इस अवसर पर सीएमओ भवतोष शंखधर, वरदान सेवा समिति के अध्यक्ष विकास सब्बरवाल, सहमंत्री अशोक सिंघल, विजयशंकर, जितेन्द्र सिंह, एथलीट हेल्थ डायरेक्टर मुक्ता, एसओबी यूपी चेयरपर्सन प्रमोद गोयल, दिव्यांशु सिंघल, दिवाकर, संध्या त्यागी आदि मौजूद रहे।




