Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

रामप्रसाद बिस्मिल के 127वें जन्मोत्सव पर जयेन्द्र आचार्य बोले- वह हमेशा युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहेंगे

Neelu Keshari
11 Jun 2024 12:12 PM GMT
रामप्रसाद बिस्मिल के 127वें जन्मोत्सव पर जयेन्द्र आचार्य बोले- वह हमेशा युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहेंगे
x

गाजियाबाद। आर्य समाज एवं आर्ष गुरुकुल नोएडा के तत्वावधान में सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के 127वें जन्मोत्सव पर आज ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक विद्वान डॉ. जयेन्द्र आचार्य ने कहा कि आर्य समाज की प्रेरणा से पंडित राम प्रसाद बिस्मिल क्रांतिकारी बने। वह सदैव युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनका व्यक्तित्व अद्भूत था वह क्रांतिकारियों के लिए भी प्रेरणा पुंज थे। उनके जन्मदिन पर हमें राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। वह अच्छे गीतकार लेखक भी थे।

कार्यक्रम अध्यक्ष केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि पंडित रामप्रसाद बिस्मिल क्रांतिकारियों के सिरमौर रहे, उनसे प्रेरणा पाकर अनेकों नौजवान स्वतंत्रता- आंदोलन में कूद पड़े। बहिन गायत्री मीना ने कहा कि बिस्मिल की जीवनी पढ़ कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। वास्तव में उनके जीवन चरित्र को पाठ्यक्रम में पढ़ाने की आवश्यकता है। जिससे नयी पीढ़ी उनके बलिदान से परिचित हो सके।

केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण आर्य ने कहा कि बिस्मिल के जीवन का कण कण राष्ट्र के लिए समर्पित था। उनका जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रकाश पुंज का कार्य करेगा। देश का दुर्भाग्य है कि बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों को इतिहास से विस्मृत करने का षडयंत्र किया गया और एक ही परिवार की पूजा-अर्चना की गई।

इस कार्यक्रम का संचालन कैप्टन अशोक गुलाटी ने किया। सुप्रसिद्ध गायिका संगीता आर्या, सीमा आर्या और सुदर्शन चौधरी के ओजस्वी गीतों ने सभी में उत्साह पैदा कर दिया। इस कार्यक्रम में आचार्य महेन्द्र, धर्मपाल आर्य ,कुसुम भंडारी आदि मौजूद रहे।

Next Story