
कलाकारों ने भक्तिमय भजनों एवं गीतों से सबका मन मोहा, झूम उठे लोग

-संस्कार भारती गाजियाबाद महानगर ने नटराज पूजन और भक्ति संगीत कार्यक्रम का किया आयोजन
गाजियाबाद। संस्कार भारती गाजियाबाद महानगर ने हिंदू नव वर्ष 2081 के अवसर पर नटराज पूजन और भक्ति संगीत कार्यक्रम गाजियाबाद स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित किया। कलाकारों ने घ्येय गीत गायन के बाद गायन विधा प्रदर्शित करते हुए भक्तिमय भजनों और गीतों से सबका मन मोह लिया।
पंडित भीमसेन जोशी परम्परा के प्रसिद्ध गायक अरुल सेठ ने "राम कहिए राम का गुणगान करिए, बाजै मुरलिया बाजे", गायिका चैती शर्मा ने "मेरी झोपडी के भाग खुल जाएंगे", प्रसिद्ध संस्कार भारती कलाकार भजन गायक रजत मित्तल के श्रीराम जी पर गाए भजनों की विलक्षण प्रस्तुति से सबको झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर विभाग बौद्घिक प्रमुख डा. चन्द्रभानु मिश्रा ने हिन्दू नवसंवत्सर की विशेषताएं बताई। मुख्य अतिथि सुघा गर्ग ने संस्कार भारती द्वारा समाज में संस्कृति कला बचाएं रखने में विशिष्ट भूमिका के लिए संस्था को साधुवाद देते हुए राष्ट्र हित में मतदान बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इससे पहले संस्कार भारती के प्रांतीय संरक्षक पंडित हरिदत्त शर्मा, विभाग सहसंयोजक महेश सेठ, विभाग संयोजक डा. राजीव पांडेय, अध्यक्षा डा. वीणा मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष पं. हरिओम् शर्मा, महामंत्री हेमन्त कुमार वाजपेयी, महेश सक्सैना, वरिष्ठ साहित्य विधा संरक्षक व साहित्य विधा संयोजिका व मंच संचालिका डा. निवेदिता शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन किया।




