
एनजीओ ने दी जानकारी तो ढाबे और सर्विस सेंटरों पर कार्य करते मिले 7 बाल मजदूर

-भविष्य में बाल एवं किशोर श्रमिकों के कार्य न लिए जाने को लेकर दी चेतावनी
सोनू सिंह
गाजियाबाद। ढाबे और सर्विस सेंटरों पर पैसों के लालच में काम करते 7 बाल मजदूर मिले। उप श्रम आयुक्त लोहिया नगर ने पुलिस और प्रशासन की टीम को लेकर गाजियाबाद के लोनी और भोपुरा क्षेत्र में बाल एवं किशोर श्रम संशोधित अधिनियम-2016 के अंतर्गत कार्रवाई की। इस दौरान श्रम विभाग गाजियाबाद के अधिकारी, एएचटीयू थाना गाजियाबाद, चाइल्ड लाइन एवं एनजीओ का सहयोग लेकर अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान लोनी और भोपुरा के कई इलाकों में टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई को देख कई जगह हड़कंप की स्थिति भी देखने को मिली।
श्रम परिवर्तन अधिकारी संदीप कुमार द्वारा नियोजन को भविष्य में बाल एवं किशोर श्रमिकों के कार्य न लिए जाने को लेकर चेतावनी दी गई। इस दौरान अभियान के तहत के मैसर्स इकराम ऑटोमोबाइल्स भोपुरा चौक साहिबाबाद, मैसर्स राजू ऑटोमोबाइल थाना टीलामोड़ के सामने लोनी गाजियाबाद में, मैसर्स फुरकान ऑटो रिपेयर निकट थाना टीलामोड़ लोनी में, मैसर्स अफसर बुलेट सर्विस सेंटर, तो वहीं राजकुमार ढाबा होटल लोनी रोड भोपुरा पर दो किशोर श्रमिकों को चिन्हित किया गया।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान कुल 7 किशोर प्रशासन के संज्ञान में आए जिसमें चार की उम्र किशोर श्रमिक के अंतर्गत आती थी, उनको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। थाना प्रभारी तरुणा सिंह ने बताया है कि टीम में संदीप कुमार सिंह, डॉ. रूपाली हंसराज श्रम परिवर्तन अधिकारी के साथ ही संजय कुमार सुपरवाइजर चाइल्डलाइन एवं रिजवान अली डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सहयोग केयर फॉर यू एनजीओ का सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस तरह के अभियान और भी स्थानों पर चलाए जाएंगे।




