Begin typing your search above and press return to search.
उत्तराखंड

बागेश्वर उपचुनाव 2023 बीजेपी और कांग्रेस के बीच है कांटे की टक्कर, 172 मत केंद्रों पर वोटिंग शुरू

Abhay updhyay
5 Sep 2023 5:46 AM GMT
बागेश्वर उपचुनाव 2023  बीजेपी और कांग्रेस के बीच है कांटे की टक्कर, 172 मत केंद्रों पर वोटिंग शुरू
x

हरीश थपलियाल, देहरादून। बागेश्वर उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतदान प्रारंभ हो चुका है। कड़े सुरक्षा के बीच निर्वाचन क्षेत्र को 3 जोन और 28 सेक्टरों में बांटा गया है। निर्वाचन प्रक्रिया में इस बार नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। ईवीएम मशीनों की मॉनिटरिंग के लिए मतदान कार्मिकों के वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है। बागेश्वर में सभी राजनैतिक दलों के कार्यकर्ताओ की खासी भीड़ भी देखी जा रही है। अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सभी कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रचार किया है। प्रचार के दौरान एक दूसरे पर खूब आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए गए।

चुनाव प्रचार के लिए कैबिनेट मंत्री, सभी विधायक, सांसद और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने बागेश्वर में डेरा जमाए डाले रखा । तो वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष, नेता विपक्ष संगठन के नेताओं ने भी बागेश्वर उपचुनाव में प्रचार का जिम्मा संभाल रखा था। इस उपचुनाव में तीन अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं और उन्होंने भी अपने प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हालांकि सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के बीच ही दिखाई दे रहा है।

उपचुनाव के लिए सोमवार को सभी 188 मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टी रवाना हो गई थी। विधानसभा क्षेत्र में 172 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार निर्वाचन क्षेत्र को 3 जोन और 28 सेक्टर में बांटा गया है। निर्वाचन प्रक्रिया में नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए एवं मशीन की मॉनिटरिंग के लिए मतदान कार्मिकों के वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है। इससे उनकी गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सभी पीठासीन अधिकारियों के मोबाइल में पोल डे मॉनिटरिंग सिस्टम अपलोड किया गया है। इसके माध्यम से मतदान शुरू होने के साथ ही प्रत्येक 2 घंटे में मतदान की सूचना दी जाएगी।

इस तरह हैं वोट के आंकड़े

बागेश्वर सीट से अपना विधायक चुनने के लिए 1,18,225 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन में 60,045 पुरुष और 58,180 महिला मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र में सर्विस मतदाताओं की संख्या 2,207 है। इन में 57 महिलाएं हैं। 80 वर्ष से अधिक उम्र के 943 और 50 दिव्यांग मतदाता है। जिन्होंने पोस्ट वॉलेट के माध्यम से मतदान कर दिया है। बागेश्वर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 188 मतदेय स्थलों में सबसे अधिक 1,220 मतदाता गरुड़ के मैगड़ीस्टेट मतदेय स्थल में है, जबकि सबसे कम 109 मतदाता सिमगड़ी मतदेय स्थल में है।


प्रत्याशियों के खर्चे का आधिकारिक ब्योरा

बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 9 बूथ संचार विहीन हैं। यह सभी बूथ लाहुर घाटी के हैं। यहां से सूचनाओं का आदान-प्रदान पुलिस के वायलेस के जरिए होगा। नगर क्षेत्र में निवास करने वाले अधिकतम मतदाता मंगलवार को मतदान करने के लिए अपने गांव पहुंच गए हैं। हालांकि प्रवासी मतदाता काफी कम संख्या में गांव लौटे हैं। उप निर्वाचन के लिए भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने अब तक 24, 30,183 रुपए, कांग्रेस प्रत्याशी वसंत कुमार ने 19,64,100 रुपए, उपपा प्रत्याशी भागवत कोहली ने 1,24, 430 रुपये, सपा प्रत्याशी भगवती प्रसाद त्रिकोटी ने 1,71,96 रुपए प्रचार के लिए खर्च किए हैं। वहीं उक्रांद प्रत्याशी ने 3,33,096 रुपये खर्च किए हैं।

Abhay updhyay

Abhay updhyay

    Next Story