भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया, कहा-चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा करना पूरे लोकतंत्र और देश पर अविश्वास जताने जैसा है

कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है;

By :  Aryan
Update: 2025-07-12 13:03 GMT

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर से भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को कांग्रेस और विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा लगाए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें राहुल ने कहा था कि भाजपा बिहार में भी महाराष्ट्र की तरह 'वोट चुराने' की साजिश कर रही है।

आज चुनाव आयोग बिकाऊ नहीं है

बृजमोहन अग्रवाल ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें पहले खुद के गिरेबां में झांकना चाहिए। कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। जनता को पता है चुनावी धांधलियां में अग्रणी नाम किस पार्टी के है। आज चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से काम कर रहा है। चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा करना पूरे लोकतंत्र और देश पर अविश्वास जताने जैसा है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें खड़गे ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के लिए अमेरिका को श्रेय दिया था। बृजमोहन ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में रहकर, भारत की पार्टी के नेता होने के बावजूद, पाकिस्तान और अमेरिका को श्रेय दिया जाता है। इससे ही जाहिर होता है कि उनकी निष्ठा किस देश की तरफ है।

हिंदी भाषा और तेलुगू भाषा पर विवाद

हिंदी भाषा को लेकर जारी विवाद पर भी बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी राय रखी। हाल ही में पवन कल्याण ने कहा था कि 'तेलुगू हमारी मां है और हिंदी मौसी।' इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाषा के विषय पर ज्यादा विवाद किया जाना उचित नहीं बल्कि हिंदी को धीरे-धीरे सभी को अपनाना चाहिए। हिंदी न सिर्फ देश की सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है, बल्कि यह भारत की एकता और अखंडता का मजबूत सूत्र भी है। हिंदी से देश के नागरिकों के बीच विश्वास और जुड़ाव की भावना मजबूत होती है। हिंदी सिर्फ भाषा नहीं बल्कि देश को जोड़ने वाली भाषा है।




Tags:    

Similar News