सीएम योगी ने जापान में मित्सुई प्रबंधन के साथ व्यापक निवेश पर चर्चा की, यूपी में बड़े निवेश का दिया आमंत्रण...
सीएम ने मित्सुई प्रबंधन को दीर्घकालिक साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यूपी भारत-जापान आर्थिक सहयोग को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को भविष्य की अर्थव्यवस्था का केंद्र बनाने के संकल्प को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने जापान दौरे के पहले दिन मतलब बुधवार को वैश्विक निवेश संवाद की मजबूत शुरुआत की। टोक्यो पहुंचने के बाद सीएम ने जापान की अग्रणी वैश्विक ट्रेडिंग और निवेश कंपनी मित्सुई एंड कंपनी लिमिटेड के प्रबंधन से मुलाकात कर यूपी में परिवर्तन लाने वाले निवेश के अवसरों को तलाशने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
नवीकरणीय ऊर्जा के योजनाओं को दी वरीयता
इस दौरान सीएम ने अहम चार क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया। जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा के तहत सोलर, बायो-एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण परियोजनाएं शामिल हैं।
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी और सेमीकंडक्टर पर हुई चर्चा
वहीं दूसरी ओर सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के तहत आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल सर्विसेज और स्टार्टअप इकोसिस्टम में निवेश पर चर्चा हुई। इसके बाद सेक्टर सेमीकंडक्टर के तहत चिप निर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन का विस्तार पर बातचीत हुई। वहीं चौथे नंबर पर सेक्टर डेटा सेंटर के तहत हाइपर-स्केल डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल कनेक्टिविटी हब जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर गहन विमर्श किया गया।
भारत-जापान औद्योगिक संबंधों को मिली मजबूती
सीएम ने मित्सुई प्रबंधन को दीर्घकालिक साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यूपी भारत-जापान आर्थिक सहयोग को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यूपी देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार होने के साथ ही उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर्स की वजह से निवेशकों के लिए अच्छा वातावरण प्रदान करता है।