वो आतंकी नहीं...ममता कुलकर्णी ने दिया विवादित बयान, कहा-मुंबई ब्लास्ट में दाऊद इब्राहिम का हाथ नहीं

ममता कुलकर्णी अब महामंडलेश्वर यमाई ममता नंदगिरी के नाम से जानी जाती हैं।;

By :  Aryan
Update: 2025-10-30 08:36 GMT

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक खबर सामने आ रही है। 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी अपने विवादित बयान के कारण एक बार फिर से सुर्खियों में छा गई हैं। दरअसल सिने सितारा और अब साध्वी बन चुकीं ममता ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने विवाद को जन्म दे दिया है।


ममता कुलकर्णी ने कहा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक भजन कार्यक्रम में ममता ने शिरकत की थी। जहां उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति से उनका नाम जोड़ा गया, वह आतंकवादी नहीं था और उसने मुंबई बम धमाकों जैसी कोई देश-विरोधी हरकत नहीं की थी। इतना ही नहीं ममता कुलकर्णी ने यह भी साफ किया कि वह अपने जीवन में दाऊद इब्राहिम से कभी नहीं मिलीं और उससे उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। बता दें कि वह बिना नाम लिए ही ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी का बचाव कर रही थीं, जिसके साथ उनके संबंध की चर्चा काफी हुई थी।


किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरी के यहां गई थीं ममता

ममता कुलकर्णी, जो कि अब महामंडलेश्वर यमाई ममता नंदगिरी के नाम से जानी जाती हैं। वो गोरखपुर के पीपीगंज स्थित किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरी के यहां एक भजन कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इस दौरान वह मीडिया से मुखातिब हुईं और उन्होंने यह विवादित बयान दिया।


विवादों से है गहरा नाता

दरअसल ममता कुलकर्णी ने करियर में जितनी सफलता पाई, उतना ही उनका नाता विवादों से घिरा रहा। 90 के दशक में वह अपनी बोल्ड अदाओं के लिए जानी जाती थीं, लेकिन जल्द ही उनका नाम अंडरवर्ल्ड से जुड़ने लगा। पहले उनका नाम छोटा राजन के साथ जोड़ा गया। ऐसा कहा जाता है कि फिल्म ‘चाइना गेट’ से निकाले जाने के बाद छोटा राजन की धमकी पर उन्हें वापस फिल्म में एंट्री मिली थी।


विक्की गोस्वामी संग शादी की बात से किया इंकार

गौरतलब है कि उनका नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर विक्की गोस्वामी के साथ जुड़ा। दोनों केन्या में साथ रहते थे और 2000 करोड़ के ड्रग मामले में ममता का नाम भी सामने आया था। हालांकि, ममता ने हमेशा विक्की से शादी की बात से इनकार किया है और खुद को सिंगल बताया है। अभी वो काफी वक्त से अध्यात्म के रास्ते पर हैं।


Tags:    

Similar News