मायके जाने के नामपर पत्नी को बहलाकर ले गया, बीवी की चाकू गोदकर हत्या की, खुद भी दे दी जान, जानें पूरा मामला
दोनों की शादी लगभग नौ साल पहले हुई थी। होली के दिन विनोद अपनी पत्नी ममता को मायके चलने की बात कहकर घर से निकला था
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी, उसके बाद आत्महत्या कर लिया। दोनों के शव सोनकपुर ओवर ब्रिज के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
नौ साल पहले दोनों की हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नया गांव नवीन नगर निवासी विनोद इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। उसकी शादी लगभग नौ साल पहले हरथला निवासी ममता से हुई थी। दंपती का कोई बच्चा नहीं था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। होली के दिन विनोद अपनी पत्नी ममता को मायके चलने की बात कहकर घर से निकला था।
पत्नी ममता पर किया चाकू से वार
वहीं, आपसी विवाद के दौरान पति विनोद ने पत्नी ममता पर चाकू से कई वार किए। इससे ममता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद विनोद ने खुद को भी चाकू मार लिया जिससे उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से वारदात में प्रयोग किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में संतान न होने का तनाव ही इस दर्दनाक घटना की मुख्य कारण माना जा रहा है।