हिंडन एयरपोर्ट ने इन तीन शहरों के उड़ानों पर लगाया ब्रेक, जानें क्या है वजह...

इंडिगो ने भी अपनी उड़ानों की संख्या में भारी कटौती की है

By :  Aryan
Update: 2026-04-02 07:11 GMT

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसे बड़े शहरों के लिए यहां से उड़ने वाली फ्लाइट्स अचानक बंद कर दी गई हैं। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हिंडन एयरपोर्ट से अपने पूरे संचालन को सीमित कर लिया है। वहीं इंडिगो ने भी अपनी उड़ानों की संख्या में भारी कटौती की है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस फैसले के पीछे एयरपोर्ट की परिचालन सीमाएं और संसाधनों की कमी होना है।

16 शहरों के लिए उड़ाने होती थी संचालित

यह एयरपोर्ट पिछले साल ही शुरू हुआ था। लेकिन अब धीरे-धीरे इसकी चमक फीकी हो रही है। पहले 16 शहरों के लिए करीब 50 उड़ानें संचालित होती थीं, लेकिन अब इस संख्या को घटाकर मात्र 7 शहरों और 14 उड़ानों तक सीमित कर दिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के जाने से मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसे प्रमुख शहरों की सीधी कनेक्टिविटी बंद हो गई है। इसके साथ ही भटिंडा, लुधियाना और किशनगढ़ जैसे शहरों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।

तकनीकी और व्यावसायिक कारण हैं वजह

एयर इंडिया एक्सप्रेस और अन्य एयरलाइंस के इस फैसले के पीछे कई तकनीकी और व्यावसायिक कारण हैं। हिंडन एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के एयरबेस के भीतर संचालित होता है। सुरक्षा कारणों से यहां नागरिक उड़ानों के लिए सख्त पाबंदियां हैं, सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां केवल सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही उड़ानें संभव हैं। रात में फ्लाइट संचालन की अनुमति नहीं है।

मुनाफा पर दिया जा रहा है ध्यान

विमानों की सीमित संख्या के कारण कंपनियां उन रूट्स को प्राथमिकता दे रही हैं जहां यात्रियों की संख्या अधिक है और मुनाफा सुनिश्चित है। हिंडन इन मानकों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। सर्दियों में कोहरे के कारण कम विजिबिलिटी होने से यहां अक्सर उड़ानें रद्द करनी पड़ती हैं।

प्रबंधन ने दी जानकारी

हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, एयरलाइंस ने यह फैसला अपने निजी और व्यावसायिक कारणों से लिया है। प्रबंधन का कहना है कि वे लगातार कंपनियों के संपर्क में हैं ताकि भविष्य में सुविधाएं और उड़ानें बढ़ाई जा सकें। हालांकि, इस फैसले का सबसे बुरा असर गाजियाबाद और नोएडा के यात्रियों पर पड़ेगा।

Tags:    

Similar News