जय श्री राम: नवरात्र से अयोध्या में मिलेगी डबल डेकर बस सेवा की मजा, परिवहन मंत्री ने लंदन से ली है प्रेरणा...
इन डबल डेकर बसों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है;
अयोध्या। अब नवरात्र के अवसर पर रामनगरी की सड़कों पर कुछ अनोखा दिखेगा। अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा के प्रेक्षागृह में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया है। इसके मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस अवसर पर घोषणा की है कि नवरात्र से अयोध्या में डबल डेकर बस सेवा शुरू होगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा
उत्तर प्रदेश परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि डबल डेकर बसों को अयोध्या में दौड़ाने की प्रेरणा उन्होंने लंदन से ली है। उत्तर प्रदेश परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने अयोध्या दौरे के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन डबल डेकर बसों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। यह केवल शहर की पहचान को ही नया आयाम नहीं देगी, बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि इस सेवा से स्थानीय लोगों को आधुनिकता के साथ सुविधाजनक परिवहन का भी लाभ मिलेगा।
एयरपोर्ट मॉडल के तर्ज पर बनेगा बस अड्डा
दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के 23 बस अड्डों को एयरपोर्ट के आधार पर विकास किया जा रहा है। अयोध्या का बस अड्डा भी इसका हिस्सा है। अतिशीघ्र यहां यात्रियों को अत्याधुनिक लग्जरी सुविधाओं से युक्त नई सौगात मिलने जा रही है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के पास 14,500 बसें है। जिनकी औसत आयु सिर्फ 5.5 साल है। यह देश का सबसे आधुनिक हुजूम माना जा सकता है।
अटल सेवा सर्किट पर इलेक्ट्रिक बसें
परिवहन मंत्री ने आगे कहा कि इलेक्ट्रिक बसें अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी। बहुत जल्द ये लखनऊ-अयोध्या, अयोध्या-गोरखपुर, अयोध्या-काशी और काशी–प्रयागराज रूट पर ‘अटल सेवा सर्किट’ के तहत चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ग्राम जोड़ो योजना के तहत 1,540 नई बसें चलाई जाएंगी। इससे 7,000 गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। बच्चों और यात्रियों को सही सुविधा मिल सकेगी।