सबसे खूबसूरत महिला से शादी कराओ और 8400 करोड़ दो वरना... युगांडा आर्मी चीफ ने तुर्किए को दी धमकी

Update: 2026-04-12 16:54 GMT

नई दिल्ली। युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे और वहां के आर्मी चीफ मुहूजी काइनेरुगाबा ने बेहद अजीबोगरीब मांग की है। उन्होंने तुर्किए को 30 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो युगांडा में तुर्किए का दूतावास बंद कर दिया जाएगा और राजनयिक संबंध खत्म कर दिए जाएंगे। काइनेरुगाबा ने तुर्किए की सबसे खूबसूरत महिला से शादी करने की इच्छा जताई है। 

युगांडा के योगदान को कोई पहचान नहीं मिली

इसके अलावा उन्होंने 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8400 करोड़ की भी मांग की है। काइनेरुगाबा ने दावा किया कि क्षेत्रीय सुरक्षा प्रयासों में युगांडा के योगदान को कोई पहचान नहीं मिली है और इसलिए उसे वित्तीय मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने एक्स पर कई पोस्ट किए और तुर्किए पर निशाना साधा है। काइनेरुगाबा का दावा है कि सोमालिया में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए युगांडा के सैनिक पिछले दो दशकों से अल-शबाब जैसे आतंकी समूहों से लड़ रहे हैं, लेकिन इसका आर्थिक फायदा तुर्किए उठा रहा है। काइनेरुगाबा ने आरोप लगाया कि तुर्किए सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में बंदरगाहों और हवाई अड्डों जैसे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से भारी मुनाफा कमा रहा है। 

युगांडा और तुर्किए के रिश्ते गंभीर

उन्होंने कहा कि तुर्किए के लिए यह एक आसान डील है। या तो वे हमें 1 बिलियन डॉलर का सुरक्षा मुआवजा दें, या मैं यहां उनका दूतावास बंद कर दूंगा। आर्थिक मांग के साथ-साथ काइनेरुगाबा ने एक और विवादास्पद टिप्पणी की है। उन्होंने तुर्किए से कहा कि वे देश की 'सबसे खूबसूरत महिला' को उन्हें सौंप दें, जिससे वे शादी करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि उनके बयानों को सोशल मीडिया ड्रामा न समझा जाए, क्योंकि युगांडा और तुर्किए के रिश्ते गंभीर हैं।

Tags:    

Similar News