मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा बयान! कहा- पटेल ने RSS को बैन किया था, एक बार फिर से संघ पर प्रतिबंध की जरूरत, अखिलेश ने भी यही दोहराया
नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वीं जयंती पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने RSS को बैन किया था, एक बार फिर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में लॉ एंड ऑर्डर लड़खड़ाई हुई है और इसके लिए RSS जिम्मेदार है।
क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "ये मेरे निजी विचार हैं और मैं खुले तौर पर कहता हूं कि इस पर प्रतिबंध (आरएसएस पर प्रतिबंध) लगना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री वल्लभभाई पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं, तो ऐसा किया जाना चाहिए। देश में सभी गलतियां और यहां कानून-व्यवस्था की सभी समस्याएं भाजपा और आरएसएस की देन हैं।"
पीएम मोदी पर किया पलटवार
खरगे ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस पर किए गए हमलों पर पलटवार किया। उन्होंने सरदार पटेल के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या (1948) के बाद आरएसएस की आलोचना की थी। साथ ही खरगे ने एक पत्र का भी जिक्र किया जो सरदार पटेल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लिखा था, जिसमें उस समय के गृह मंत्री पटेल ने कहा था कि आरएसएस ने ऐसा माहौल बनाया, जिससे महात्मा गांधी की हत्या जैसी त्रासदी हो सकी।
पटेल और नेहरू के बीच कोई मतभेद नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा हमेशा यह दिखाने की कोशिश करती है कि नेहरू और पटेल के बीच मतभेद थे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। हकीकत में दोनों एक-दूसरे का बहुत सम्मान करते थे। नेहरू ने पटेल की देश की एकता कायम करने में भूमिका की तारीफ की थी और पटेल ने नेहरू को देश का आदर्श नेता बताया था।
अखिलेश ने भी यही बात दोहराई
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की आजादी में उल्लेखनीय योगदान रहा है। पटेल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया था। संघ के विचारधारा को देखते हुए इस पर फिर से बैन लगाने की जरूरत है।
RSS पर प्रतिबंध
महात्मा गांधी की हत्या के बाद सरदार बल्लभभाई पटेल ने 4 फरवरी 1948 को RSS पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस वक्त वो देश के गृहमंत्री थे। वहीं 1949 में प्रतिबंध हटा दिया गया था।