हम उस्मान तारिक सामने सरेंडर नहीं कर सकते.. भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महा मुकाबला से पहले कप्तान सूर्या ने खोला यह राज
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप का महा मुकाबला कल भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला है। इस मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक पर हो रही है। उनका बॉलिंग एक्शन सबसे ज्यादा चर्चा में है। वहीं टीम इंडिया के बल्लेबाज पहली बार इस गेंदबाज का सामना करेंगे, ऐसे में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से इस स्पिनर को लेकर सवाल किया गया।
हम सभी उस्मान का सामना करने के लिए बहुत उत्साहित
बता दें कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उस्मान तारिक को लेकर सवाल किया गया तो सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है कि सिलेबस से बाहर का कुछ है। वह एक अलग तरह का गेंदबाज है। हम उसके (उस्मान तारिक) के सामने सरेंडर नहीं कर सकते। हम सभी उसका सामना करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। हम तैयार हैं।
कभी-कभी परीक्षा में सिलेबस से हटकर प्रश्न आ जाते हैं
बता दें कि उस्मान तारिक के एक्शन पर कई दिग्गजों ने सवाल उठाए हैं। पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक के खिलाफ रणनीति के बारे में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि कभी-कभी परीक्षा में सिलेबस से हटकर प्रश्न आ जाते हैं। इसलिए हम उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकते। उनसे निपटने के लिए कुछ न कुछ करना पड़ता है। हमें अपना तरीका अपनाना पड़ता है, और हम यही कोशिश करते हैं। गेंदबाजी के मामले में वह एक अलग ही तरह के गेंदबाज हैं, लेकिन हम सरेंडर नहीं कर सकते। इसलिए हम एक जैसे गेंदबाजों और एक जैसी एक्शन के साथ अभ्यास करते हैं, और जाहिर तौर पर हम उन्हीं को लागू करने की कोशिश करेंगे।