दादरा नगर हवेली में नाइट्रोजन गैस के गोदाम में भीषण विस्फोट, हादसे में 4 की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल
नई दिल्ली। दादरा और नगर हवेली से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक एक नाइट्रोजन गैस सिलेंडर गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई और 6 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना सिलवासा के डेमनी रोड पर स्थित एक गोदाम में हुई।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह विस्फोट तब हुआ जब गोदाम में नाइट्रोजन गैस सिलेंडरों को रिफिल किया जा रहा था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि गोदाम की छत और दीवारें ढह गईं। इसकी गूंज काफी दूर तक सुनी गई और आसपास के निवासियों ने भूकंप जैसे झटके महसूस किए।
दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद
बता दें कि हादसे की खबर मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य जारी है। प्रशासन ने घटना के कारणों और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच के आदेश दिए हैं।