नितिन नबीन आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे, घोषणा होते ही कई मंदिरों पर मत्था टेका
तमिलनाडु, केरल और असम सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की कमान संभालनी है।
नई दिल्ली। नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। पार्टी द्वारा घोषणा होते ही उन्होंने कई मंदिरों पर मत्था टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा के नए अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के नाम का एलान मंगलवार को आधिकारिक तौर हो जाएगा।
तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने नितिन नबीन के नाम पर सहमति जताई
भाजपा अध्यक्ष बनने की दौड़ में नितिन नबीन अकेले उम्मीदवार रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा शासित तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने नितिन नबीन के नाम पर सहमति जताई। भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पीएम मोदी उनके प्रस्तावक बने। नितिन नबीन के सामने किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, इस स्थिति में उनके निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने जाने का औपचारिक एलान होना भर बाकी है।
45 साल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
26 साल की उम्र में विधायक और 45 साल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक बने और अब 45 वर्ष की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी पदोन्नति भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है, क्योंकि पार्टी राष्ट्रीय राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। शांत स्वभाव वाले नवीन को इस साल अप्रैल में तमिलनाडु, केरल और असम सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की कमान संभालनी है।