नितिन नवीन आज तीन दिन के गुजरात दौरे पर जाएंगे! जानें बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उनकी यह यात्रा क्यों है खास
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनकी यह पहली गुजरात यात्रा है। इस दौरे में वो अहमदाबाद और गांधीनगर में संगठनात्मक बैठकें, जनसंवाद और कई सार्वजनिक कार्यक्रम तय किए गए हैं। पार्टी इसे संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का अवसर बता रही है।
साबरमती रिवरफ्रंट पर स्थानीय लोगों से मिलेंगे
बता दें कि गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नितिन नवीन दोपहर 12:30 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे नारनपुरा स्थित जीएससी बैंक में सांसदों और विधायकों से बातचीत करेंगे। शाम को गांधीनगर के इन्फोसिटी में ‘बजट बैठक’ में उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टरों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। 21 फरवरी की सुबह वे साबरमती रिवरफ्रंट जाएंगे और स्थानीय लोगों से मिलेंगे।
सोशल मीडिया टीम के साथ होगी बैठक
इसके बाद भद्रकाली माता मंदिर में पूजा करेंगे। फिर गांधीनगर स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक भी होगी। दोपहर में गिफ्ट सिटी में यंग वॉइस समिट में भाषण देंगे और युवा उद्यमियों से मिलेंगे। शाम को अहमदाबाद के जीएमडीसी हॉल में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 22 फरवरी को नितिन नवीन खाडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सार्वजनिक श्रवण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे।