इस लीग से भी हटाए जाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी! IPLफ्रेंचाइजी ने उठाया बड़ा कदम
आईपीएल में 2008 के पहले सीजन के बाद कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं खेला।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ काफी समय से तनाव चल रहा है। ऐसे में खबर है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी अब इंग्लैंड की प्रमुख लीग 'द हंड्रेड' से बाहर हो सकते हैं। आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी मालिकों ने, जिन्होंने हाल ही में इस लीग में निवेश किया है, अगले महीने होने वाले ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न चुनने का संकेत दिया है।
अघोषित नियम
मीडिया रिपोर्ट्स और प्लेयर एजेंट्स के अनुसार, जिन टी20 लीगों में भारतीय निवेश है, वहां पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न लेना एक "अघोषित नियम" बन गया है। उदाहरण के तौर पर आईपीएल में 2008 के पहले सीजन के बाद कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं खेला। दक्षिण अफ्रीका की एसए20 की सभी छह टीमें आईपीएल समूहों के स्वामित्व में हैं और वहां भी पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं दिखे। यूएई की आईएलटी20 में भी यही स्थिति रही है। अब द हंड्रेड की आठ में से चार टीमों में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों की हिस्सेदारी आ चुकी है, जो एक अक्तूबर 2025 से प्रभावी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक ये टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी।
अन्य लीगों में भी यही स्थिति
दक्षिण अफ्रीका की SA20 (जहां सभी 6 टीमें आईपीएल मालिकों की हैं) और यूएई की ILT20 की आईपीएल-सम्बद्ध टीमों में भी पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल नहीं हैं।
किन टीमों में है IPL मालिकों की हिस्सेदारी?
रिपोर्ट में जिन टीमों का नाम सामने आया है, उनमें शामिल हैं।
- मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स
- साउदर्न ब्रेव
- एमआई लंदन
- सनराइजर्स लीड्स
पहले ये खिलाड़ी खेल चुके है
पिछले सीजन में मोहम्मद आमिर और इमाद वसीम ने ‘द हंड्रेड’ में हिस्सा लिया था। इससे पहले शाहीन अफरीदी, शादाब खान और हारिस रऊफ भी इस लीग में खेल चुके हैं।