3 बार शून्य पर आउट हुए अभिषेक शर्मा को पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने दी बड़ी सलाह, बोले- दिक्कत होती है...
अभिषेक शर्मा, जो टूर्नामेंट से पहले दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज थे। उन्होंने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच खेल लिए हैं लेकिन अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन बार शून्य (डक) पर आउट होने के बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर तीखा हमला बोला है। आमिर ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट आपको एक्सपोज (बेनकाब) कर देगा।
मोहम्मद आमिर ने दिया बड़ा बयान
आमिर ने अभिषेक की तकनीक और बल्लेबाजी शैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि- जब सईम अयूब ने कुछ समय पहले पाकिस्तान सुपर लीग में शुरुआत की थी तो उनके साथ भी यही समस्या थी। वह नया टीम में आया था और हर गेंद पर बिना देखे शॉट मार रहा था। कोई उसकी कमजोरी नहीं जानता था, क्योंकि उसके अधिकतर शॉट्स लेग साइड पर होते थे। ऐसे में आप तीसरे या चौथे स्टंप पर गेंदबाजी करते हैं तो उन्हें दिक्कत होती। अपने पिछले मैचों में भी वह ऑफ साइड पर खेलने के प्रयास में आउट हुआ। जब तक वह अपने ऑफ साइड के खेल को नहीं सुधारते, वह आगे नहीं बढ़ सकते। बड़े गेंदबाज हमेशा आपकी कमजोरी को देखेंगे और आपके कंफर्ट जोन से बाहर गेंदें डालेंगे।
आमिर ने आगे कहा, अभिषेक शर्मा के लिए भी ऐसा ही है। वह हर गेंद को स्लॉट में चाहता है, जिससे वह उसे मार सके। लेकिन क्रिकेट के सबसे ऊंचे लेवल पर, या ओडीआई में हर गेंद पर लप्पा नहीं घुमा सकते। सलमान अली आगा और आर्यन दत्त ने उन्हें इसी तरह आउट किया। इंटरनेशनल क्रिकेट आपको एक्सपोज कर देगा।
अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड कप 2026 में प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा, जो टूर्नामेंट से पहले दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज थे। उन्होंने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच खेल लिए हैं लेकिन अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं।
आशीष नेहरा के रिकॉर्ड की बराबरी की
अभिषेक शर्मा ने इस खराब प्रदर्शन के साथ भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा डक (3) बनाने के आशीष नेहरा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उनके इस 'अनचाहे हैट्रिक' के बाद क्रिकेट जगत में उनकी जगह को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।