एआई समिट को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ होगी FIR , बीजेपी ने बोला हमला, कहा- ये शर्मनाक है...
जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने भारत और अमेरिका के बीच हुए 'पैक सिलिका' समझौते और डेटा सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को लेकर भी नारेबाजी की।
नई दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान कांग्रेस और उसके युवा संगठन (IYC) ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भंग होने पर दिल्ली पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। ऐसे में इस पूरे मामले पर बीजेपी ने हमला बोला है। बीजेपी ने इसे शर्मनाक करार दिया है।
भारत-अमेरिका डील का लेकर किया विरोध
जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने भारत और अमेरिका के बीच हुए 'पैक सिलिका' समझौते और डेटा सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को लेकर भी नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने समिट स्थल के अंदर अपनी शर्ट उतारकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी की और "PM is Compromised" के नारे लगाए।
दिल्ली पुलिस करेगी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह इस पूरे में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
बीजेपी ने बोला हमला
बता दें कि इस पूरे मामले पर बीजेपी ने हमला बोला है। बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि- राष्ट्रीय शर्म ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, कांग्रेस पार्टी ने गरिमा की जगह व्यवधान को चुना। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिखर सम्मेलन स्थल पर नग्न होकर हंगामा किया, जो स्पष्ट रूप से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य था। जब देश खुद को एक वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, तब ऐसा आचरण केवल उन लोगों के हितों की पूर्ति करता है जो भारत को लड़खड़ाते देखना चाहते हैं। राजनीतिक विरोध करना एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना नहीं। भारत इससे बेहतर का हकदार है।
मनजिंदर सिरसा ने की निंदा
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिरसा ने कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेसियों ने कपड़े उतारकर देश को अपमानित किया। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।