एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने पकड़ा तूल! भाजपा का आरोप राहुल के घर रची गई साजिश, राजनाथ, योगी का कहना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, आज कांग्रेस पार्टी के युवा विंग ने भारत मंडपम में एक शर्मनाक घटना को अंजाम देने की कोशिश की।
नई दिल्ली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान कांग्रेस और उसके युवा संगठन (IYC) ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भंग होने पर दिल्ली पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। ऐसे में इस पूरे मामले पर बीजेपी और कई बड़े नेताओं ने हमला बोला है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले की कड़ी निंदा की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की कड़ी निंदा की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, आज कांग्रेस पार्टी के युवा विंग ने भारत मंडपम में एक शर्मनाक घटना को अंजाम देने की कोशिश की। भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। ये लोग देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। जहां 100 से अधिक देशों के लोग भाग ले रहे हैं, वहां ये लोग अराजकता फैलाकर अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। हर भारतीय को इस घटना की निंदा करनी चाहिए। इसके पीछे जो भी लोग हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
भारत को अपमानित करना ही आपका विपक्ष का तरीका है- पीयूष गोयल
पीयूष गोयल ने पोस्ट कर लिखा कि- कांग्रेस का अहंकार और हताशा का जीता-जागता उदाहरण है! तो, श्री राहुल गांधी, सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित करना ही आपका विपक्ष का तरीका है! जहां आप हालिया व्यापार समझौतों के बारे में झूठ फैलाकर भारत के विकास को रोकना चाहते हैं, वहीं आपके कार्यकर्ता प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में बिना शर्ट पहने मार्च कर रहे हैं, ताकि 14 करोड़ भारतीयों को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदा कर सकें। यह विघटनकारी रणनीति केवल भारत के लिए आपकी और आपकी पार्टी की दूरदृष्टि की कमी को उजागर करती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी निंदा की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, जब पूरी दुनिया नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट को देख रही थी और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व की साक्षी बन रही थी, तब कांग्रेस पार्टी ने देश का गौरव बढ़ाने के बजाय इस आयोजन में बाधा डालने का रास्ता चुना। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अनुचित व्यवहार करते हुए आयोजन स्थल पर हंगामा खड़ा करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है।
संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस को कहा शर्टलेस
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- आज जब मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आया तो मन में बहुत गुस्सा था, लेकिन मैंने खुद को बड़ी मुश्किल से संभाला. ये आक्रोश सिर्फ बीजेपी प्रवक्ता में नहीं, बल्कि पूरे भारत की GenZ में है। ये बीजेपी बनाम कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि भारत बनाम उन ताकतों के खिलाफ है जो भारत की छवि को खराब करना चाहती हैं। संबित पात्रा ने दावा किया कि ये चारों लोग समिट में रजिस्ट्रेशन कराकर बारकोड लेकर अंदर घुसे। उसके बाद उन्होंने अपने कपड़े उतार दिए और प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरी प्लानिंग राहुल गांधी और सोनिया गांधी की मौजूदगी में राहुल गांधी के आवास पर बनी थी।
संबित पात्रा ने कहा, ‘राहुल गांधी देश के सबसे बड़े गद्दार, रंग में भंग डालने वाले व्यक्ति हैं।ऑपरेशन सिंदूर हो या एयर स्ट्राइक सब पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस के लिए मेरे पास तीन शब्द हैं टॉप लेस, ब्रेनलेस और शेमलेस। ये बीजेपी की समिट या कार्यकारिणी नहीं है। ये भारत की AI समिट है। मैं सभी gen z से कहूंगा कि मोबाइल पर नेहरू और एडमिना को सर्च करके देखिए वो भारत को सांपों का देश बता रहे थे और हंस रहे थे। जो नेहरू ने किया वही आज राहुल गांधी कर रहे हैं।
अमित मालवीय ने प्रदर्शन को देश के लिए शर्म की बात कही
बीजेपी के नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देश के लिए शर्म की बात कही है। अमित मालवीय ने कहा है कि ऐसे समय में जब भारत एक मशहूर ग्लोबल AI समिट होस्ट कर रहा है, जिसमें टेक्नोलॉजी में अपने इनोवेशन और लीडरशिप को दिखाया जा रहा है, कांग्रेस पार्टी ने इज्जत के बजाय रुकावट को चुना।
इन लोगों को लिया गया हिरासत में
रिपोर्ट के मुताबिक सभी को तिलक मार्ग थाने ले जाया गया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा है कि इनके खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार इस मामले में कृष्णा हरि, राष्ट्रीय सचिव, यूथ कांग्रेस, कुंदन यादव, बिहार सचिव, अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष और नरसिम्हा यादव, तेलंगाना को हिरासत में लिया।
हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं- यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब
वहीं भारतीय यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि, हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं। वे डरेंगे नहीं, जब राहुल गांधी के खिलाफ FIR नहीं हुई थी, तो ED का केस इतने सालों तक चलता रहा। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन हम संविधान के सिपाही हैं, राहुल गांधी के सिपाही हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम देश के युवाओं के लिए अपनी आवाज़ उठाएंगे।