संभल सीओ के बयान पर राकेश टिकैत की प्रतिक्रिया! कहा- पहले अपने देश की चिंता करें
राकेश टिकैत ने कहा कि जब देश के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे, तभी हालात से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है
अमरोहा। संभल के सीओ कुलदीप कुमार के ईरान मामले पर प्रदर्शन को लेकर दी गई चेतावनी पर सियासी हलचल शुरू हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने प्रतिक्रिया दी है। दरअसल राकेश टिकैत ने अमरोहा जनपद के अलीपुर कलां गांव में एक बीमार परिचित से मिलने के दौरान यह महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने राजनीतिक टिप्पणियों के संदर्भ में कहा कि लोगों को सबसे पहले अपने देश की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय हालात चुनौतीपूर्ण हैं, इसलिए सभी को देश के साथ खड़ा होना चाहिए।
देश के साथ मजबूती से रहना होगा खड़ा
राकेश टिकैत ने कहा कि जब देश के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे, तभी हालात से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है। उनके मुताबिक एकजुटता से ही मौजूदा हालात से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है।
गैस की किल्लत पर फैल रही अफवाहों पर जताई चिंता
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने डीजल-पेट्रोल और गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी चिंता जताई। राकेश टिकैत ने कहा कि कुछ लोग घबराकर डीजल-पेट्रोल इकट्ठा कर रहे हैं, जो सही नहीं है। अभी देश में डीजल, पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेवजह की अफवाहों से लोग खुद परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीण लोगों के पास विकल्प मौजूद
राकेश टिकैत ने आगे कहा कि गांवों में लोगों के पास वैकल्पिक ईंधन मौजूद है और जरूरत पड़ने पर ग्रामीण चूल्हे पर भी काम चला सकते हैं, जबकि शहरों में रहने वाले लोगों के लिए गैस ज्यादा जरूरी है, इसलिए गैस की आपूर्ति पहले शहरों में मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि झूठी अफवाहों पर भरोसा न करें।