RCB IPL 2026 में होमग्राउंड पर नहीं खेलेगी, नवी मुंबई और रायपुर में मैच होने की संभावना...
राजस्थान रॉयल्स भी अपने घरेलू मैच इस बार पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेल सकती है
बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु IPL 2026 में अपने घरेलू मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। जानकारी के अनुसार, IPL 2026 में आरसीबी अपने होम मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है। RCB के अधिकारियों ने IPL 2026 के लिए इन दोनों स्टेडियम को होम वेन्यू बनाने की योजना बनाई है। इसके तहत टीम 5 मैच नवी मुंबई और 2 मैच रायपुर में खेला जाएगा। वहीं, RCB के अलावा राजस्थान रॉयल्स भी अपना होम ग्राउंड बदलने पर विचार कर रही है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता था IPL 2025 का खिताब
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 का खिताब जीता था। ऐतिहासिक सफलता हासिल करने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजेता टीम RCB के लिए जीत की परेड होने वाली थी, लेकिन इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस कारण चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई उच्च स्तरीय मैच नहीं खेला गया है।
RCB के लिए 2 नए होमग्राउंड तैयार
जानकारी के मुताबिक, RCB अगले सीजन यानी IPL में 5 मैच नवी मुंबई में खेल सकती है, जबकि 2 मुकाबले रायपुर में हो सकते हैं। पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ वाली घटना को लेकर सुरक्षा पर चिंताएं जारी रही हैं। अभी तक चिन्नास्वामी स्टेडियम को किसी बड़े लेवल का मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं मिल पाई है।
गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट में हादसे का जिम्मेदार RCB को बताया गया था। इसमें कोहली का भी जिक्र था। कर्नाटक सरकार ने कहा कि RCB ने चिन्नास्वामी में आयोजित विक्ट्री परेड के लिए सरकार से कोई अनुमति नहीं ली थी।
राजस्थान रॉयल्स पुणे में खेल सकती है मैच
राजस्थान रॉयल्स भी अपने घरेलू मैच इस बार पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेल सकती है, जबकि टीम का होम ग्राउंड जयपुर है।