16 साल बाद ऐसा रिकॉर्ड! केरल में वक्त से पहले पहुंचेगा मानसून, जानें बाकी राज्यों का हाल
पिछली बार केरल में मानसून इतनी जल्दी साल 2001 और 2009 में पहुंचा था।;
नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। यह अपने तय समय से करीब एक सप्ताह पहले चल रहा है। इस साल केरल में मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी हुआ है। केरल में अगले 24 घंटों में मानसून के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस बार बारिश तेज होगी और पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में इसका असर दिखने लगा है। कई जगह रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
16 साल बाद ऐसा रिकॉर्ड
जानकारी के मुताबिक पिछली बार केरल में मानसून इतनी जल्दी साल 2001 और 2009 में पहुंचा था। जब ये 23 मई को आया था। इस बार भी यही रिकॉर्ड दोहराया जा रहा है। आम तौर पर केरल में मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस बार यह 24 मई के आसपास पहुंच रहा है। 16 साल बाद ऐसा रिकॉर्ड बन रहा है।
केरल, कर्नाटक और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल, तटीय कर्नाटक और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल सकती हैं। 29 मई तक इन इलाकों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
गर्मी से राहत
इस वक्त देशभर में गर्मी ने सबको पररेशान करके रखा है। सभी जगह तापमान बढ़ा हुआ है, लेकिन मानसून की जल्दी दस्तक से अब गर्मी से राहत मिलेगी।साथ ही इससे किसानों को भी फायदा होगा क्योंकि खेती की शुरुआत में ही अच्छी बारिश से फसल का भरोसा बढ़ जाता है।
कई राज्य के लिए पूर्वानुमान
महाराष्ट्र- भारत मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही मुंबई में गरज के साथ बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
गोवा- मौसम विज्ञान विभाग ने गोवा के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है।
दिल्ली-एनसीआर- दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
झारखंड- अगले कुछ दिनों में झारखंड में तेज हवा के साथ गरज के साथ बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया गया है। मौसम कार्यालय के अनुसार 29 मई तक अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच सामान्य से कम रहने की संभावना है।